बॉलीवुड

‘मुझे बचाओ!’ , दिव्या भारती का वो आखिरी डायलॉग, जिसे बोलने के अगले ही हुई थी एक्ट्रेस की मौत

Anees Bazmee On Divya Bharti: फिल्म निर्देशक अनीस बज़्मी ने दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी को लेकर एक बड़ा राज खोला है। उन्होंने बताया कि लाडला फिल्म में दिव्या भारती थी और वह 95% शूटिंग पूरी भी कर चुकी थी, लेकिन उनकी मौत ने सब बदल दिया। अनीस बज़्मी ने दिव्या भारती का आखिरी डायलॉग मुझे बचाओ के बारे में भी बताया।
2 min read
Aug 02, 2026
Anees Bazmee Break Silence on Divya Bharti tragic death said his last dialogue is mujhe bachao in laadla
दिव्या भारती की मौत पर अनीस बज़्मी ने की बात (Photo Source- @FilmHistoryPic))

Anees Bazmee On Divya Bharti: साल 1994 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘लाडला’ को दर्शक आज भी अनिल कपूर, श्रीदेवी और रवीना टंडन की बेहतरीन अदाकारी के लिए याद करते हैं। लेकिन इस सुपरहिट फिल्म के बनने के पीछे एक ऐसी दिल दहला देने वाली और दुखद कहानी छिपी है, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान प्रसिद्ध निर्देशक और लेखक अनीस बज़्मी ने अभिनेत्री दिव्या भारती के अचानक निधन और फिल्म 'लाडला' की दोबारा शूटिंग के बेहद कठिन दौर को याद किया है। साथ ही उन्होंने दिव्या भारती के आखिरी डायलॉग मुझे बचाओ के बारे में भी बताया है।

दिव्या भारती को लेकर अनीस बज़्मी ने क्या कहा?

अनीस बज़्मी ने हाल ही में एक खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि फिल्म 'लाडला' के लिए पहली पसंद श्रीदेवी नहीं, बल्कि दिव्या भारती थीं। उन्होंने दिव्या भारती के साथ फिल्म की लगभग 90 से 95 प्रतिशत शूटिंग पूरी भी कर ली थी और वह क्लाइमेक्स की शूटिंग करने ही वाले थे। लेकिन 5 अप्रैल 1993 को 19 साल की उम्र में दिव्या भारती अपने अपार्टमेंट की बालकनी से गिर गई और उनकी दुखद मौत हो गई।अनीस बज़्मी ने बताया, "दिव्या की मौत के बाद लगभग दो महीने तक सेट पर सन्नाटा छाया रहा था। निर्माता और पूरी टीम अंदर से टूट चुकी थी। इतना बड़ा आर्थिक नुकसान और एक बेहतरीन कलाकार को खोने का गम सहना आसान नहीं था। फिर हमें फैसला लेना पड़ा कि फिल्म को फिर से शुरू से बनाया जाए।"

दिव्या भारती का आखिरी सीन: "मुझे बचाओ"

दिव्या भारती के साथ सेट पर बिताए अपने आखिरी दिन को याद करते हुए अनीस बज़्मी काफी भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि दिव्या की मौत से सिर्फ एक दिन पहले वह चेन्नई में एक सीन शूट कर रहे थे। उन्होंने कहा, "सीन में नकाबपोश लोग उन्हें खींचकर ले जाते हैं और वह कैमरे से दूर फोकस से बाहर होती जाती हैं। इस सीन में उनका आखिरी डायलॉग था- 'मुझे बचाओ!' अगली ही सुबह हमें खबर मिली कि वह अब हमारे बीच नहीं रहीं। यह याद आज भी मेरा दिल दहला देती है।" वहीं, दिव्या के जाने से बज़्मी को अपनी दो फिल्में- 'लाडला' और 'अंगरक्षक' दोबारा री-शूट करनी पड़ी थीं।

लाडला फिल्म का ट्रेलर

श्रीदेवी को कैसे किया राज़ी?

दिव्या के जाने के बाद श्रीदेवी को लीड रोल के लिए अप्रोच किया गया था। लेकिन श्रीदेवी पहले ही 'लाडला' के तमिल वर्जन (मन्नान) और तेलुगु वर्जन (घराना मोगुडु) में काम करने से मना कर चुकी थीं। अनीस बज़्मी ने हिम्मत नहीं हारी और हिंदी अडैप्टेशन की स्क्रिप्ट में कई बड़े बदलाव किए। जब बज़्मी ने श्रीदेवी को नया नरेशन सुनाया, तो वह स्क्रिप्ट में किए गए बदलावों और अपने मजबूत किरदार से इतनी प्रभावित हुईं कि उन्होंने तुरंत फिल्म के लिए हां कर दी। श्रीदेवी के आने से फिल्म को एक नई ऊंचाई मिली और 'लाडला' बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई।

Updated on:
02 Aug 2026 10:15 am
Published on:
02 Aug 2026 10:02 am