
Anupam Kher Latest News: अक्सर कहा जाता है कि किसी इंसान को उसके बाहरी रूप से नहीं आंकना चाहिए, लेकिन वास्तविक जीवन में ऐसा करना बेहद आम बात है। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक अनुभव शेयर किया, जिसमें एक अनजान पैसेंजर ने उन्हें ऐसा जीवन-पाठ सिखाया जिसे वो शायद कभी नहीं भूल पाएंगे।
गोवा से मुंबई की यात्रा के दौरान हुआ ये वाकया अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। अनुपम खेर ने बताया कि फ्लाइट में उनकी मुलाकात डेविड नाम के एक व्यक्ति से हुई, जिनकी शारीरिक बनावट देखकर उन्होंने भी पहली नजर में एक धारणा बना ली थी। लेकिन कुछ ही देर बाद जो सच सामने आया, उसने अभिनेता को भीतर तक झकझोर दिया।
अनुपम खेर ने पोस्ट करते हुए इस पूरे अनुभव को साझा किया है। उनके मुताबिक डेविड का वजन काफी ज्यादा था और फ्लाइट में बैठने के बाद उन्होंने अपने बैग से बड़ी मात्रा में चॉकलेट्स और मिठाइयां निकालीं। ये देखकर अभिनेता को लगा कि शायद यही वजह है कि उनका वजन बढ़ा हुआ है।
लेकिन जल्दी की उनका भ्रम टूट गया जब डेविड ने उन सभी मिठाइयों और चॉकलेट्स को फ्लाइट के केबिन क्रू को भेंट कर दिया। ये देखकर अनुपम खेर हैरान रह गए। उन्हें एहसास हुआ कि जिस व्यक्ति को वो गलत समझ रहे थे, उसकी सोच और दिल दोनों बेहद खूबसूरत थे।
बाद में जब अनुपम खेर ने उनसे बातचीत की तो डेविड ने बताया कि उन्हें एक मेडिकल कंडीशन है, जिसकी वजह से उनका वजन ज्यादा है। डेविड ने बताया कि वो एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उन्होंने ये भी बताया कि वो पहले एयरलाइंस इंडस्ट्री में काम कर चुके हैं और जानते हैं कि केबिन क्रू के कर्मचारी कितनी मेहनत करते हैं। यही कारण है कि जब भी वो सफर करते हैं, तो उनके लिए कुछ मीठा लेकर जरूर जाते हैं।
डेविड की ये बात सुनकर अनुपम खेर कुछ देर के लिए शांत हो गए। उन्हें महसूस हुआ कि किसी व्यक्ति की जिंदगी की कहानी जाने बिना उसके बारे में राय बनाना कितना गलत हो सकता है। अनुपम ने कहा कि उन्हें जिंदगी का सबसे बड़ा सबक मिला है और वो ये जानकर काफी शर्मिंदा भी हुए।