
AR Ameen statement on car accident: सोमवार सुबह उस समय सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया जब खबर आई कि मशहूर ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान (A.R. Rahman) के छोटे बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें हॉस्पिटल लेकर जाया गया। पहले उनकी बहन खतीजा ने भाई की हेल्थ अपडेट दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि वह अब सुरक्षित हैं और घर आ गए हैं। अब इसी बीच खुद अमीन रहमान ने भी अपने एक्सीडेंट को लेकर पहला बयान दे दिया है। उन्होंने उस रात क्या और कैसे एक्सीडेंट हुआ सब पोस्ट में बताया है।
सोमवार, 10 अगस्त को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर अमीन ने एक पोस्ट शेयर की। इस दौरान उन्होंने बताा कि घटना के समय वह खुद गाड़ी नहीं चला रहे थे। अमीन ने लिखा, "कल एयरपोर्ट जाते समय मैं अपने दोस्त की कार में पैसेंजर सीट पर बैठा था, तभी हमारा एक छोटा सा एक्सीडेंट हो गया। ऊपरवाले की असीम कृपा से हम सभी सुरक्षित हैं। इस सुरक्षा के लिए हम ईश्वर के बेहद आभारी हैं।"
अमीन ने उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उनसे संपर्क किया और उनके जल्दी ठीक होने की दुआ की, साथ ही अपने परिवार का भी शुक्रिया अदा किया, जो जल्द से जल्द उनकी मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा, "मैं अपने परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने मुझसे संपर्क किया, मेरा हालचाल पूछा और अपना प्यार और दुआएं भेजीं। यह सच में मेरे लिए इतना मायने रखता है जितना मैं बता नहीं सकता।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे यह भी लगता है कि मेरी दादी, मेरे पापा और जीवी अन्ना (अमीन के कज़िन और म्यूज़िक कंपोज़र-एक्टर जीवी प्रकाश कुमार) की दुआएं और वैल्यूज़ मुझे गाइड करती रहेंगी और मेरी रक्षा करेंगी। मैं हमेशा उनकी सीख अपने साथ रखूंगा और उन्होंने जो कुछ भी मुझमें डाला है, उसके हिसाब से जीने की कोशिश करूंगा। आप सभी के प्यार, देखभाल और सपोर्ट के लिए एक बार फिर धन्यवाद।"
अमीन ऑस्कर जीतने वाले कंपोज़र ए.आर. रहमान और उनकी अलग रह रही पत्नी सायरा बानू के तीन बच्चों में सबसे छोटे हैं। घटना के तुरंत बाद, उनकी सबसे बड़ी बहन कंपोजर-सिंगर खतीजा रहमान ने भी सोशल मीडिया पर कन्फर्म किया था कि अमीन ठीक हैं। उन्होंने घटना के बारे में डिटेल्स भी दीं।
खतीजा ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, "आपकी सभी शुभकामनाओं, प्रार्थनाओं और चिंता के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। भगवान की कृपा से अमीन सुरक्षित है और ठीक है। मैं यह भी साफ करना चाहूंगी कि असल में क्या हुआ था, क्योंकि इस घटना के बारे में कुछ गलत रिपोर्ट आई हैं। अमीन एयरपोर्ट जा रहा था, पैसेंजर सीट पर बैठा था, जबकि उसका दोस्त गाड़ी चला रहा था। उनके आगे दूसरी गाड़ी का ड्राइवर सिग्नल रेड होने के बावजूद आगे बढ़ गया, जिससे छोटी सी टक्कर हो गई। भगवान की कृपा से, अमीन, उसका दोस्त और दूसरी गाड़ी में बैठा आदमी सभी सुरक्षित हैं।"