Archana Puran Singh: एक समय ऐसा था… जब एक्ट्रेस और लाफ्टर शो की जज अर्चना पूरन सिंह को घर चलाने के लिए C-ग्रेड टाइप फिल्में की करनी पड़ी थी। इसका खुलासा उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर किया है।
Archana Puran Singh Marriage Revelation: 33 साल की शादी के बाद अर्चना पूरन सिंह ने अपनी जिंदगी का वह सच उजागर किया है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते थे। हंसमुख अंदाज और रियलिटी शोज में अपनी झलक के लिए मशहूर अर्चना ने खुलकर बताया कि एक दौर ऐसा भी था, जब घर चलाने और पेट पालने के लिए उन्हें C-ग्रेड और सस्ती फिल्मों में काम करना पड़ा। यह कदम उन्होंने इसलिए उठाया क्योंकि उस समय उनके पति परमीत सेठी स्ट्रगल कर रहे थे और खराब ऑफर स्वीकार नहीं करना चाहते थे। अर्चना ने माना कि उन्हें पति को सपोर्ट करने पर कभी-कभी नाराजगी भी महसूस होती थी, लेकिन हालात ने उन्हें मजबूर कर दिया था। उनका यह खुलासा एक बार फिर दिखाता है कि ग्लैमर के पीछे कितनी सच्चाइयां छिपी होती हैं।
अपने यूट्यूब चैनल पर अर्चना पूरन सिंह ने बताया कि शादी के बाद वह खुद कमाने लगीं, लेकिन उनके भीतर एक हिस्सा ऐसा भी था जो चाहता था कि कोई उनका ख्याल रखे। जैसे उनकी मां उनके पिता पर निर्भर रहती थीं। उन्हें उस समय यह समझ नहीं आता था, इसलिए वह परमीत को कभी-कभी मिलेजुले संकेत देती थीं। कभी कहती थीं कि कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह ही कमाती हैं, और कभी परमीत को कमाने व प्रोजेक्ट न ठुकराने की सलाह देती थीं।
अर्चना ने माना कि मुंबई में टिके रहने और घर चलाने के लिए उन्होंने कई खराब और C-ग्रेड फिल्में कीं, क्योंकि उनका मानना था कि काम से मना नहीं करना चाहिए। उन्हें लगता था कि अगर परमीत उस वक्त आगे आते, तो शायद उन्हें ऐसे प्रोजेक्ट्स नहीं करने पड़ते।
परमीत ने अपना नजरिया शेयर किया और बताया कि वह अर्चना से सात साल छोटे हैं, इसलिए उन्हें अपना करियर बनाने में समय लगा। “उस समय, मेरा नजरिया यह था कि तुम्हारा करियर तो पहले से ही आगे था, लेकिन मेरा करियर बन रहा था, मुझे लगा कि अगर मैंने एक भी गलती की, तो मैं पूरी तरह से इंडस्ट्री से बाहर हो जाऊंगा। मैं बहुत लंबे समय से हीरो बनने की कोशिश कर रहा था।”
इस पर अर्चना ने तर्क दिया, “मैं भी हीरोइन बनना चाहती थी।” जबकि परमीत ने उसे समझाया, “लेकिन तुम मुझसे सात साल बड़ी थीं और करियर में मुझसे आगे थीं।”
अर्चना ने बाद में अपनी गलती मानी और अपने सफर के बारे में सोचते हुए कहा, “मुझे याद रखना चाहिए था कि तुम मुझसे सात साल पीछे हो। मैं सोच रही थी कि मैं भी हीरोइन बनना चाहती थी, लेकिन जब वह नहीं बना, तो मैंने अलग-अलग तरह के काम किए, मैं एक एंकर बनी, एक कॉमिक लेडी बनी, मैंने साइड रोल किए, खराब फिल्में कीं, C-ग्रेड फिल्में कीं, सस्ती फिल्में कीं, लेकिन मैंने अपनी इज्जत बनाए रखी। इन सब में, अगर मैंने अपनी इज्जत बनाए नहीं रखी होती, तो मैं आज जहां हूं, वहां नहीं होती।”