
Anurag Kashyap (सोर्स- एक्स)
Anurag Kashyap on Dhurandhar Controversy: फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों 'धुरंधर' को लेकर बहस तेज है। फिल्म की रिलीज के बाद जहां एक ओर इसे सराहना मिल रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ आलोचनाओं और सोशल मीडिया पर हो रहे हमलों ने माहौल को गरमा दिया है। इसी बीच निर्देशक अनुराग कश्यप ने खुलकर अपनी राय रखी है और फिल्म समीक्षकों के खिलाफ हो रही ट्रोलिंग की कड़ी निंदा की है।
अनुराग कश्यप ने हाल ही में फिल्म समीक्षक सुचित्रा त्यागी के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा कि किसी फिल्म को पसंद करना या उसकी तारीफ करना इस बात का संकेत नहीं है कि उसकी कमियों को नजरअंदाज कर दिया जाए। उनका मानना है कि किसी भी रचनात्मक कार्य का मूल्यांकन संतुलित नजरिए से होना चाहिए।
उन्होंने साफ कहा कि जो बात गलत है, उसे गलत ही कहा जाना चाहिए और जो अच्छी है, उसकी सराहना होनी चाहिए। कश्यप ने यहे भी बताया कि फिल्म रिलीज के बाद कुछ समीक्षकों को निशाना बनाया गया, जो बिल्कुल अनुचित है। उन्होंने फिल्म क्रिटिक्स गिल्ड के उस बयान को भी साझा किया, जिसमें फिल्म समीक्षकों के खिलाफ हो रहे लक्षित हमलों और नफरत की आलोचना की गई थी।
कश्यप ने सोशल मीडिया पर चल रहे विरोध को स्वाभाविक न मानते हुए कहा कि ये काफी हद तक संगठित प्रतीत होता है। उनके मुताबिक, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाली प्रतिक्रियाएं कई बार वास्तविक जनभावना से अलग होती हैं और उन्हें बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है।
उन्होंने ये भी खुलासा किया कि फिल्म की तारीफ करने पर उनसे भी सवाल पूछे गए। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि एक फिल्ममेकर के तौर पर वह किसी भी प्रोजेक्ट के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलुओं को देख सकते हैं।
फिल्म के कुछ सीन को लेकर उठे सवालों पर कश्यप ने कहा कि वो हिस्सों को छिपाने के पक्ष में नहीं हैं। लेकिन साथ ही उन्होंने निर्देशक आदित्य धर के साहस की भी सराहना की। उनके मुताबिक, किसी सिस्टम के भीतर रहकर अपनी सोच पर अडिग रहना आसान नहीं होता।
उन्होंने खास तौर पर अर्जुन रामपाल वाले टॉर्चर सीन की तकनीकी बारीकियों की तारीफ की और कहा कि ऐसे सीन को धैर्य और सटीकता के साथ फिल्माना आसान काम नहीं है। कश्यप के मुताबिक आजकल कई फिल्ममेकर ऐसे दृश्यों के लिए विजुअल इफेक्ट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन यहां जिस धैर्य के साथ काम किया गया, वह काबिल-ए-तारीफ है।
‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। ये जासूसी-थ्रिलर फिल्म फिलहाल नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है और दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
वहीं अनुराग कश्यप की अपनी नोयर-थ्रिलर फिल्म केनेडी 20 फरवरी 2026 को जी 5 पर रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में राहुल भट्ट और सनी लियोनी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। बता दें अनुराग कश्यप इन दिनों एपस्टीन फाइल्स में नाम आने को लेकर भी चर्चाओं में हैं। हालांकि उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि वो कभी बीजिंग ही नहीं गए।
Updated on:
13 Feb 2026 08:00 pm
Published on:
13 Feb 2026 07:59 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
