
Arjun Kapoor Bollywood Journey: बॉलीवुड में कामयाबी जितनी जल्दी मिलती है, उसे बरकरार रखना उतना ही मुश्किल होता है। कई सेलेब्स एक-दो हिट फिल्मों के बाद गुमनामी में खो जाते हैं, लेकिन कुछ स्टार्स ऐसे भी होते हैं जो तमाम उतार-चढ़ाव और नाकामयाबी के बावजूद इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाए रखते हैं। ऐसे ही एक एक्टर हैं अर्जुन कपूर, जिनका आज यानी 26 जून को जन्मदिन है। इस खास मौके पर आइए जानते हैं उनके संघर्ष, सफलताओं और फिल्मी सफर के बारे में।
अर्जुन कपूर उन स्टार्स में शामिल हैं जिन्होंने करियर में कई फ्लॉप फिल्मों का सामना करने के बावजूद बॉलीवुड में अपनी जगह कायम रखी। बता दें, कुछ समय पहले हुई बातचीत के दौरान उनके सफर ने एक बार फिर ये सवाल खड़ा कर दिया था कि आखिर लगातार चुनौतियों और नाकामयाबी के बावजूद वो इंडस्ट्री में कैसे टिके रहे।
अर्जुन कपूर ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म 'इश्कजादे' से की थी। उनकी पहली ही फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से दमदार प्रतिक्रिया मिली। इसके बाद '2 स्टेट्स' जैसी कामयाब फिल्म ने उन्हें युवा सितारों की कतार में खड़ा कर दिया। हालांकि, इसके बाद उनके करियर में ऐसा दौर भी आया जब कई फिल्में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकीं।
बता दें, बॉक्स ऑफिस पर लगातार मिली नाकामयाबी के कारण अर्जुन कपूर को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा और कई बार उनकी फिल्मों के चयन और एक्टिंग को लेकर सवाल उठाए गए, लेकिन इन सबके बीच उन्होंने कभी हार नहीं मानी। अर्जुन का मानना रहा है कि किसी भी स्टार्स के लिए सफलता और असफलता दोनों सफर का हिस्सा हैं। अगर कोई सिर्फ हिट फिल्मों के आधार पर अपने करियर को आंकने लगे, तो वो आगे बढ़ने का साहस खो सकता है।
यही सोच उन्हें लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम करने के लिए प्रेरित करती रही। एक तरफ उन्होंने कमर्शियल फिल्मों में काम किया, तो दूसरी तरफ 'संदीप और पिंकी फरार' जैसी कंटेंट-ड्रिवन फिल्मों का हिस्सा भी बने। इस पर अर्जुन कपूर का मानना है कि स्टार को अपने काम से सीखते रहना चाहिए और हर प्रोजेक्ट को एक नए अवसर की तरह देखना चाहिए।
बता दें, उनके करियर का सबसे बड़ा सबक शायद यही है कि इंडस्ट्री में टिके रहने के लिए केवल कामयाबी नहीं, बल्कि धैर्य और आत्मविश्वास भी जरूरी है। ट्रोलिंग और नाकामयाबी के बावजूद खुद पर भरोसा बनाए रखना ही उनका सर्वाइवल फॉर्मूला रहा है।