बॉलीवुड

एक रात खुद की जिंदगी खत्म करना चाहते थे आर्य बब्बर, डिप्रेशन पर अब किया खुलासा, कॉमेडी के जरिए लोगों को दे रहे जीने की उम्मीद

Arya Babbar Reveals Contemplated Suicide: आर्य बब्बर ने हाल ही में खुद की स्टैंडअप कॉमेडी को लेकर बात की है। उन्होंने बताया है कि अब वो सिर्फ हंसाने के लिए ही नहीं करते हैं।
2 min read
Jun 24, 2026
Arya Babbar Reveals Contemplated Suicide
Arya Babbar Reveals Contemplated Suicide (सोर्स- एक्स)

Arya Babbar Reveals Contemplated Suicide: बॉलीवुड अभिनेता और कॉमेडियन आर्य बब्बर ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने उनके फैंस को भी भावुक कर दिया है। अभिनेता ने बताया कि एक समय ऐसा भी था जब वो गहरे डिप्रेशन से जूझ रहे थे और उनके मन में अपनी जिंदगी खत्म करने का विचार तक आया था। हालांकि, उन्होंने उस मुश्किल दौर से बाहर निकलकर खुद को संभाला और अब अपनी कहानी के जरिए दूसरों को हिम्मत देने की कोशिश कर रहे हैं।

'स्टैंडअप कॉमेडी शो लोगों को सिर्फ हंसाने के लिए नहीं'

वरिष्ठ अभिनेता राज बब्बर और रंगमंच कलाकार नादिरा बब्बर के बेटे आर्य बब्बर ने हाल ही में 'हिंदुस्तान टाइम्स' से बात करते हुए बताया कि उनका स्टैंडअप कॉमेडी शो सिर्फ लोगों को हंसाने के लिए नहीं है, बल्कि यह उनके जीवन के दर्द, मानसिक संघर्ष और पारिवारिक उतार-चढ़ाव की कहानी भी बयां करता है। उनका कहना है कि अगर उनकी कहानी सुनकर एक भी व्यक्ति गलत कदम उठाने से रुक जाए तो वह इसे अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानेंगे।

'कई बार इंसान परेशानियों से घिर जाता है'

आर्य बब्बर के अनुसार, कई बार इंसान अपनी परेशानियों में इतना घिर जाता है कि उसे कोई रास्ता नजर नहीं आता। लेकिन मुश्किल समय हमेशा के लिए नहीं रहता और सही समय पर मदद, परिवार और दोस्तों का साथ किसी भी इंसान को फिर से खड़ा कर सकता है। यही वजह है कि उन्होंने अपने दर्द को छिपाने के बजाय उसे मंच के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का फैसला किया।

2024 में उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडी की शुरुआत की थी। शुरुआत में ये केवल मनोरंजन का जरिया था, लेकिन धीरे-धीरे यह उनके लिए अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का माध्यम बन गया। अब उनके शो में हंसी के साथ-साथ जिंदगी के कई कड़वे सच भी देखने को मिलते हैं।

रिश्तों में उतार-चढ़ाव हर परिवार का हिस्सा

अपने परिवार को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले आर्य बब्बर ने कहा कि रिश्तों में उतार-चढ़ाव और निजी जीवन की परेशानियां हर परिवार का हिस्सा होती हैं। उनका मानना है कि जीवन में होने वाले अलगाव, रिश्तों का टूटना या विवाद किसी इंसान की पूरी जिंदगी नहीं होते। इंसान को हमेशा उन चीजों पर ध्यान देना चाहिए जो उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

आर्य ने ये भी कहा कि उन्होंने अपने जीवन की नकारात्मक घटनाओं में भी सकारात्मक पहलू तलाशने की कोशिश की है। यही सोच उन्हें मुश्किल समय से बाहर निकालने में मददगार साबित हुई। आज वह चाहते हैं कि लोग मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बात करें और जरूरत पड़ने पर मदद लेने में बिल्कुल भी संकोच न करें।

Published on:
24 Jun 2026 07:33 am