बॉलीवुड

Asha Bhosle Family Tree: लता मंगेशकर ही नहीं आशा भोसले के थे तीन और भाई-बहन, नौ की उम्र में पिता का निधन

Asha Bhosle Family Tree: आशा भोसले के निधन के बाद बॉलीवुड में शोक की लहर है। इसी बीच चलिए आपको बताते हैं उनके परिवार के बारे में।

2 min read
Apr 12, 2026
Asha Bhosle Family Tree (सोर्स- एक्स)

Asha Bhosle Family Tree: भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन के साथ ही भारतीय फिल्म संगीत के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत हो गया। अपनी बहुमुखी आवाज, हजारों गीतों और दशकों तक चले संगीत सफर के जरिए उन्होंने देश ही नहीं, दुनिया भर में अपनी पहचान बनाई। लेकिन उनकी सफलता के पीछे एक लंबा पारिवारिक संघर्ष और जिम्मेदारियों से भरा जीवन छिपा था।

ये भी पढ़ें

आशा भोसले को गर्भावस्था में पति ने घर से निकाला, दर्दनाक अनुभव साझा करते हुए हुई थीं भावुक

आशा भोसले का बचपन (Asha Bhosle Family Tree)

8 सितंबर 1933 को महाराष्ट्र के सांगली में जन्मीं आशा भोसले का संबंध एक प्रतिष्ठित संगीत परिवार से था। उनके पिता पंडित दीनानाथ मंगेशकर न केवल शास्त्रीय गायक थे बल्कि रंगमंच से भी जुड़े हुए थे। यही कारण रहा कि बचपन से ही आशा का झुकाव संगीत की ओर स्वाभाविक रूप से बढ़ता गया।

नौ साल की उम्र में पिता का निधन (Asha Bhosle Family Tree)

हालांकि, उनका बचपन आसान नहीं था। जब वो केवल नौ साल की थीं, तभी उनके पिता का निधन हो गया। इस घटना ने पूरे परिवार की जिम्मेदारी बड़ी बहन लता मंगेशकर के कंधों पर ला दी। परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और इसी दौर में आशा भोसले ने भी कम उम्र में गायन शुरू कर परिवार का सहारा बनने का फैसला किया।

पिता के निधन के बाद परिवार को पुणे से कोल्हापुर और फिर मुंबई आना पड़ा। मुंबई पहुंचकर आशा भोसले ने मराठी फिल्मों में गीत गाकर अपने करियर की शुरुआत की। धीरे-धीरे उनकी पहचान बनती गई और वह हिंदी फिल्म संगीत की सबसे लोकप्रिय आवाजों में शामिल हो गईं।

आशा भोसले का परिवार

परिवार की बात करें तो आशा भोसले की सबसे बड़ी बहन लता मंगेशकर भारतीय संगीत की 'स्वर कोकिला' के रूप में जानी जाती थीं। उनकी दूसरी बहन उषा मंगेशकर ने भी लंबे समय तक गायन के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं तीसरी बहन मीना खाडिलकर भी संगीत से जुड़ी रहीं और उनके भाई हृदयनाथ मंगेशकर एक प्रसिद्ध संगीत निर्देशक बने। इस तरह पूरा मंगेशकर परिवार संगीत की परंपरा का प्रतीक बन गया।

आशा भोसले की निजी जिंदगी

व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो आशा भोसले ने मात्र 16 वर्ष की उम्र में गणपतराव भोसले से विवाह कर लिया था। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और दोनों का अलगाव हो गया। इसके बाद उन्होंने अपने तीनों बच्चों- हेमंत, वर्षा और आनंद की परवरिश अकेले ही की। ये उनके जीवन का सबसे चुनौतीपूर्ण दौर माना जाता है।

आर डी बर्मन से की दूसरी शादी

बाद में उन्होंने प्रसिद्ध संगीतकार आर.डी. बर्मन से विवाह किया। ये रिश्ता न केवल व्यक्तिगत जीवन बल्कि उनके संगीत करियर के लिए भी बेहद खास साबित हुआ। दोनों की जोड़ी ने हिंदी फिल्म संगीत को कई यादगार गीत दिए, जो आज भी श्रोताओं के दिलों में बसे हुए हैं।

आशा भोसले के बेटे हेमंत और बेटी वर्षा अब इस दुनिया में नहीं हैं। वर्तमान में उनके परिवार में बेटे आनंद भोसले और पोती जनाई भोसले संगीत की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। जनाई एक उभरती हुई गायिका और नृत्य कलाकार के रूप में पहचान बना रही हैं।

ये भी पढ़ें

‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ के लिए पहली पसंद थीं आशा भोसले, लता मंगेशकर ने छीना मौका, दोनों बहनों में हो गई थी टक्कर
Published on:
12 Apr 2026 05:15 pm
Also Read
View All