
Emraan Hashmi on Awarapan 2 Box Office Success: स्वाइन फ्लू से ठीक हो रहे इमरान हाशमी अपनी हालिया फिल्म 'आवारापन 2' की रिकॉर्डतोड़ सफलता और बॉक्स ऑफिस कमाई से बहुत खुश हैं। 20 साल पहले रिलीज हुई इस फ्रेंचाइज की पहली और ओरिजिनल फिल्म 'आवारापन' फ्लॉप रही थी, इसलिए इसके सीक्वल की सफलता ने इंडस्ट्री को हैरान कर दिया है।
आवारापन एक्टर ने अब अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दर्शकों का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने मंगलवार को एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिन पर आप काम करते हैं, और कुछ ऐसी होती हैं जिनका हिस्सा होने पर आपको सच में गर्व होता है। 'आवारापन 2' उन्हीं में से एक है। यह एक बहुत ही अनोखी और जबरदस्त कामयाबी बन गई है - एक ऐसी उपलब्धि जो पहले कभी नहीं देखी गई। एक ऐसी फिल्म जिसे दो दशक पहले दर्शक नहीं मिले थे, वह सीक्वल के साथ लौटी है और बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने के लिए तैयार है।"
आगे इमरान हाशमी ने लिखा, "इमोशनल एक्शन म्यूजिकल, शानदार विज़ुअल और बेहतरीन, सदाबहार संगीत वाली यह फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों के साथ देखने लायक है। इस सबके केंद्र में हैं 'आवारापन' की दुनिया बनाने वाले विशेष। उनकी सोच और पक्के इरादे ने ही सब कुछ और हर किसी को आकार दिया। मुझे खुशी है कि हमने साथ मिलकर यह कदम उठाया और यह सफर तय किया। इतनी शानदार कास्ट, म्यूजिक के जीनियस और क्रिएटिव टैलेंट वाली फिल्म का हिस्सा बनना बहुत खास रहा है।"
इसके अलावा इमरान ने 'आवारापन 2' को उनकी बेस्ट फिल्म बताते हुए कहा, "मेरी अब तक की सबसे बेहतरीन फिल्म।" आगे उन्होंने कहा, "तो देर होने से पहले, अभी सिनेमाघरों में जाकर 'आवारापन 2' का अनुभव लें। इमोशनल उतार-चढ़ाव को महसूस करें। संगीत में खो जाएं। और इसे वैसे ही सेलिब्रेट करें जैसे इसे किया जाना चाहिए, बड़ी स्क्रीन, जबरदस्त साउंड और सिनेमाई अनुभव के साथ।"
इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और फिल्म ने 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इसी बीच एक्टर की सेहत को लेकर चिंता बढ़ाने वाली खबर आई कि इमरान हाशमी H1N1 संक्रमण यानी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए हैं।
उनके प्रतिनिधि ने मेडिकल रिपोर्ट शेयर करते हुए इसकी पुष्टि की थी। हालांकि, अभी उनकी सेहत से जुड़ा कोई अपडेट सामने नहीं आया है।