
Fans Reaction On Awarapan 2 Trailer: करीब दो दशक पहले रिलीज हुई फिल्म 'आवारापन' ने इमरान हाशमी के करियर को एक नई पहचान दी थी। फिल्म सिर्फ अपनी कहानी की वजह से नहीं, बल्कि दमदार संगीत, भावनात्मक किरदार और अलग अंदाज के कारण भी दर्शकों के दिलों में बस गई थी। अब 19 साल बाद इसका सीक्वल आवारापन 2 बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है और फैंस इसे इमरान हाशमी के करियर का सबसे बड़ा कमबैक बता रहे हैं।
ट्रेलर में एक बार फिर इमरान हाशमी अपने चर्चित किरदार शिवम पंडित के रूप में नजर आते हैं। इस बार उनका अंदाज पहले से कहीं ज्यादा गंभीर, गुस्से से भरा और एक्शन से लबरेज दिखाई देता है। कहानी में बदले, दर्द और मोहब्बत का मिश्रण साफ नजर आता है। ट्रेलर में कई ऐसे दृश्य हैं जो पहली फिल्म की याद दिलाते हैं, लेकिन इसके साथ नई कहानी की झलक भी देखने को मिलती है।
फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी अहम भूमिका निभा रही हैं। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री ट्रेलर में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं अनुभवी अभिनेत्री शबाना आजमी इस बार नकारात्मक किरदार में दिखाई दे रही हैं। उनका दमदार स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा देता है। ट्रेलर में उनके और इमरान के बीच टकराव की झलक भी देखने को मिलती है।
सबसे ज्यादा चर्चा ट्रेलर की लंबाई को लेकर हो रही है। महज डेढ़ मिनट के इस ट्रेलर में फिल्म की पूरी कहानी नहीं बताई गई है। यही वजह है कि दर्शकों ने इसकी तारीफ करते हुए कहा कि आजकल ऐसे ट्रेलर कम देखने को मिलते हैं, जो सस्पेंस बनाए रखें और पूरी फिल्म पहले ही न दिखा दें।
यूट्यूब पर ट्रेलर रिलीज होने के कुछ ही समय बाद हजारों प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कई दर्शकों ने लिखा कि आखिरकार 19 साल का इंतजार खत्म हो गया। कुछ लोगों ने इसे 'इमरान हाशमी एरा की वापसी' बताया, तो कई फैंस ने कमेंट किया कि 'शिवम इज बैक'। वहीं कई यूजर्स ने फिल्म के लोकप्रिय गाने 'तेरा मेरा रिश्ता पुराना' को याद करते हुए कहा कि सिर्फ इस गाने की धुन ही उन्हें सिनेमाघर तक ले जाने के लिए काफी है।
कुछ प्रशंसकों ने ट्रेलर देखकर भावुक प्रतिक्रिया भी दी। एक यूजर ने लिखा कि कहीं ये फिल्म पुराने जख्म फिर से ताजा न कर दे, जबकि दूसरे ने कहा कि आखिरकार सिनेमा फिर से दिल को सुकून देने वाला अनुभव बनता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर 'गूसबंप्स', 'नॉस्टैल्जिया' और 'ब्लॉकबस्टर लोडिंग' जैसे शब्द लगातार ट्रेंड कर रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। एक्शन, इमोशन और रोमांस के संतुलन के साथ बनाई गई यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर के बाद जिस तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे साफ है कि दर्शक सिर्फ एक नई फिल्म नहीं, बल्कि अपनी पुरानी यादों को दोबारा बड़े पर्दे पर जीने का इंतजार कर रहे हैं।
अब ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या आवारापन 2 पहली फिल्म की तरह दर्शकों के दिलों में जगह बना पाएगी या नहीं। फिलहाल ट्रेलर को मिली सकारात्मक प्रतिक्रियाओं ने फिल्म के प्रति उम्मीदें काफी बढ़ा दी हैं।