
Ayesha Raza Mishra On Body Shaming: फिल्म 'मीठे में क्या है' में अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाली वरिष्ठ अभिनेत्री आयशा रजा मिश्रा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने महिलाओं के मां बनने के बाद उनके वजन के लिए ट्रोल किए जाने पर बेबाक राय रखी है। साथ ही अभिनेत्री ने अपनी बॉडी-शेम (Body-shaming) को लेकर भी खुलासा किया है। उन्होंने उन लोगों को भी करारा जवाब दिया है जो महिलाओं और अभिनेत्रियों के शरीर पर अवांछित टिप्पणियां करते हैं। इस दौरान अभिनेत्री ने कैटरीना कैफ और ऐश्वर्या राय को ट्रोल करने वालों पर भी बात की।
आयशा रजा मिश्रा ने जूम संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बॉडी शेमिंग को लेकर भी कई खुलासे किए। जब आयशा से डिलीवरी के बाद अभिनेत्रियों को मिलने वाले तानों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने ऐश्वर्या राय बच्चन का खुलकर समर्थन किया। आयशा ने कहा, "लोगों का कहना था कि ऐश्वर्या का वजन बढ़ गया है, हे भगवान! लेकिन वह आज भी कमाल की लग रही हैं। उनके आकर्षण का उनके वजन से कोई लेना-देना नहीं है। किसी भी महिला को इस तरह ट्रोल करना बेहद घटिया और बुरी बात है।"
इसके साथ ही वरिष्ठ अभिनेत्री ने अपनी जिंदगी का एक दर्दनाक वाकया भी सुनाया। उन्होंने बताया कि उन्हें अपनी शादी के दिन भी बॉडी-शेमिंग का सामना करना पड़ा था। आयशा ने वरिष्ठ अभिनेता कुमुद मिश्रा से 9 फरवरी, 2008 को शादी की थी।
शादी के उस दिन को याद करते हुए आयशा ने बताया, "मेरी शादी के दिन मेरी मां की एक दोस्त आई थीं, जो थिएटर में मेरी सह-कलाकार भी थीं। वह शादी में मुझे बधाई देने आईं और सीधे बोलीं- 'वजन बढ़ा लिया है'। वह खुद एक महिला और अभिनेत्री थीं। अगर मैंने थोड़ा वजन बढ़ा भी लिया, तो उससे क्या फर्क पड़ता है? किसी के खास दिन पर ऐसी बातें कहने की हिम्मत लोग कैसे जुटा लेते हैं?"
वहीं, आयशा रजा मिश्रा के वर्क फ्रंट की बात करें तो अभिनेत्री हाल ही में नेटफ्लिक्स पर 30 अक्टूबर, 2026 को रिलीज हुई फिल्म 'मीठे में क्या है' में अमृता की भूमिका में नजर आई हैं। राधिका बंसल द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म में उनके साथ ऋत्विक भौमिक, दलाई और तराना मुख्य भूमिकाओं में हैं।
आयशा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2003 में फिल्म 'रघु रोमियो' से की थी। पिछले दो दशकों में उन्होंने 'धूम', 'मुंबई मेरी जान', 'दिल धड़कने दो', 'सोनू के टीटू की स्वीटी', 'वीरे दी वेडिंग', 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2', 'भारत', 'गिन्नी वेड्स सनी' और 'तू झूठी मैं मक्कार' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में अपनी सशक्त अदाकारी से इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई है।
बता दें, ऐश्वर्या राय से लेकर कैटरीना कैफ को मां बनने के बाद ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। सोशल मीडिया पर नेटिजेन्स अभिनेत्रियों को वजन कम करने की सलाह देने लगे थे। वहीं, कई इनके फैंस अपने फेवरेट स्टार्स के सपोर्ट में भी आए थे और ट्रोलर्स को जवाब दिए थे।