
Ayushmann Khurrana On Sooraj Barjatya Yeh Prem Mol Liya: बॉलीवुड के अभिनेता आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'यह प्रेम मोल लिया' को लेकर काफी चर्चा में हैं। आइकॉनिक प्रोडक्शन हाउस राजश्री प्रोडक्शंस (Rajshri Productions) की इस फिल्म में काम करने को लेकर आयुष्मान बेहद उत्साहित हैं और उन्हें आज भी यकीन नहीं हो रहा कि वह सूरज बड़जात्या के सिनेमा का हिस्सा यानी नए 'राजश्री हीरो' बन गए हैं। हाल ही में फिल्म के पहले गाने के भव्य लॉन्च इवेंट के दौरान आयुष्मान ने हिंदी सिनेमा के लिए अपने शुरुआती प्यार और सूरज बड़जात्या संग काम करने के अपने अनोखे अनुभवों को शेयर किया।
म्यूजिक इवेंट में बात करते हुए आयुष्मान खुराना ने साल 1994 में रिलीज हुई सलमान खान और माधुरी दीक्षित की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हम आपके हैं कौन…!' की यादों को ताजा किया। आयुष्मान ने कहा, "मुझे आज भी अच्छी तरह याद है जब मैंने अपने पूरे परिवार के साथ थिएटर में 'हम आपके हैं कौन' देखी थी। उस फिल्म को देखने के बाद मुझे 'प्रेम' के किरदार से प्यार हो गया, मुझे हिंदी सिनेमा की खूबसूरती से प्यार हो गया और मुझे हमारे भारतीय परिवारों की एकजुटता और ताकत का एहसास हुआ।"
उन्होंने आगे कहा कि राजश्री का सिनेमा सिर्फ उनका नहीं, बल्कि देश के हर उस परिवार का हिस्सा है जो एक साथ बैठकर साफ-सुथरा सिनेमा देखना पसंद करता है। इसके बाद आयुष्मान ने डायरेक्टर सूरज बड़जात्या के साथ काम करने का अपना एक्सपीरियंस और एक दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा जब मैंने दिग्गज निर्देशक की सादगी देखी तो मैं हैरान रह गया।
आयुष्मान ने याद करते हुए कहा, "जब भी सूरज सर मेरी वैनिटी वैन में आते थे, तो वे वैनिटी के बाहर ही अपने जूते उतार देते थे। मैं उनसे कहता रहता था, 'सर, प्लीज जूते मत उतारिए, अंदर आ जाइए', लेकिन वह कभी नहीं मानते थे। वह हमेशा नंगे पैर अंदर आते थे, मैं उनके चरण स्पर्श करता था और वह मुझे 'आयुष्मान भव:' कहकर सीन समझाना शुरू करते थे। यह सब मेरे लिए बिल्कुल किसी सपने जैसा था।"
जब आयुष्मान से पूछा गया कि अगर 15 साल के आयुष्मान से कहा जाता कि वह एक दिन राजश्री के हीरो बनेंगे, तो वे क्या कहते? इस पर मुस्कुराते हुए अभिनेता ने कहा, "तब मुझे यकीन नहीं होता, और सच कहूं तो मुझे अब भी इस पर यकीन नहीं हो रहा है।"
वहीं, फिल्म का बहुप्रतीक्षित टाइटल ट्रैक हाल ही में जारी किया गया है, जिसे संगीतकार हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। इस गाने के साथ ही हिमेश रेशमिया और सूरज बड़जात्या की जोड़ी 12 साल के लंबे अरसे बाद फिर से एक साथ काम करती नजर आ रही है। नए टाइटल ट्रैक की बात करें तो इसे मशहूर गायिका श्रेया घोषाल और निहाल तौरो ने अपनी आवाज दी है। गीत के बोल कुमार ने लिखे हैं। गाने की रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसे शानदार प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।
फिल्म 'यह प्रेम मोल लिया' की बात करें तो इसमें आयुष्मान खुराना के साथ अभिनेत्री शरवरी वाघ (Sharvari Wagh) मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं। पारिवारिक रिश्तों, प्रेम और सांस्कृतिक मूल्यों से सजी यह फिल्म 27 नवंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।