
Bhumi Pednekar trolled On PM Modi Video: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर महीने भर चले NEET-UG 2026 विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। नरेंद्र मोदी ने वीडियो शेयर कर सभी बच्चों को माफ भी कर दिया था। जिसके बाद बॉलीवुड स्टार्स अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देने लगे थे। इसी पर भूमि पेडनेकर ने बीते दिन एक पोस्ट किया। उन्होंने वीडियो में कहा कि जो बच्चों के साथ हुआ वह गलत था लेकिन देश के प्रधानमंत्री को गाली देना या गलत भाषा का प्रयोग करना भी ठीक नहीं था। जैसे ही भूमि का पीएम मोदी को सपोर्ट करते वीडियो सामने आया लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
भूमि पेडनेकर ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डाला था, जिसमें वह अपनी गाड़ी में बैठी नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा था "वीडियो में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल हमारे देश के युवा कर रहे हैं- हम ऐसे बात नहीं करते, यार। हम देश के सबसे ऊंचे पद पर बैठे व्यक्ति के बारे में बात कर रहे हैं। जिस तरह हम घर के बड़ों से गालियां देकर बात नहीं करते, वैसे ही सार्वजनिक जीवन में भी सम्मान होना चाहिए। असहमत होना सबका अधिकार है, लेकिन एकता, शिक्षा और सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर शालीनता से बात होनी चाहिए।"
भूमि के इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। यूजर्स ने उन पर 'सेलेक्टिव' यानी चुनिंदा होकर बोलने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान जब प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, उन्हें पीटा और आंसू गैस के गोले दागे, तब भूमि ने एक शब्द भी नहीं बोला। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने तीखे कमेंट्स किए। एक यूजर ने लिखा, "AC कारों में बैठकर और पूरा मेकअप लगाकर ज्ञान देना बहुत आसान है।" दूसरे ने लिखा, "क्या आपने सत्ता में बैठे लोगों से पूछा कि बच्चों के सड़कों पर उतरने से पहले उन्होंने क्या किया था? सम्मान कमाया जाता है, मांगा नहीं जाता।"
एक अन्य ने लिखा, "दुनिया तब बेहतर थी जब आपने अपनी राय नहीं दी थी।" एक ने लिखा, "भाषा पर सवाल उठाना आसान है, लेकिन छात्रों पर हुई बेहिसाब पुलिस हिंसा पर बोलना आपकी हिम्मत के बाहर है।" एक अन्य ने भूमि को सपोर्ट करते हुए लिखा, 'सिर्फ पढ़े-लिखे लोग ही उसकी बातों से जुड़ सकते हैं। लेकिन अगर किसी के मन में पक्षपात हो, तो वह व्यक्ति उसकी बातों को नहीं समझ सकता।" वहीं एक ने लिखा कि भूमि ने बात तो सही कही है।
बता दें, NEET-UG 2026 पेपर लीक को लेकर देश भर में विरोध प्रदर्शन की लहर थी। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले हज़ारों स्टूडेंट्स दिल्ली के जंतर-मंतर के बाहर इकट्ठा हुए थे और देश भर में कई स्टूडेंट्स के सुसाइड के बाद एजुकेशन सिस्टम में सुधार और एजुकेशन मिनिस्टर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया और प्रदर्शन भी खत्म हो गया। लेकिन लगातार यह चर्चा का विषय बना हुआ है।