बॉलीवुड

Moushumi Chatterjee Husband Death: अभिनेत्री मौसमी चटर्जी पर टूटा दुखों का पहाड़, पति का हुआ निधन

Moushumi Chatterjee Husband Death: अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-संगीतकार जयंत मुखर्जी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 12:26 PM IST
Moushumi Chatterjee Husband Passed Away
मौसमी चटर्जी के पति जयंत मुखर्जी का हुआ निधन (Photo Source- Twitter/@PankajShuklaa)

Moushumi Chatterjee Husband Passed Away: बॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। फेमस अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति, जाने-माने फिल्म प्रोड्यूसर और कंपोजर जयंत मुखर्जी (Jayanta Mukherjee) का गुरुवार को निधन हो गया है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के बीएन तिवारी ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि मुखर्जी पिछले काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज जारी था। उनके निधन से पूरे बॉलीवुड और बंगाली सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति जयंत मुखर्जी का निधन

जयंत मुखर्जी, जिन्हें उनके परिवार और दोस्तों के बीच प्यार से 'बाबू' भी कहा जाता था, एक बेहद प्रतिष्ठित संगीत परिवार से ताल्लुक रखते थे। वह देश के महान सिंगर-कंपोजर हेमंत कुमार के सुपुत्र थे। कला और संगीत की विरासत उन्हें विरासत में मिली थी, जिसे उन्होंने आगे बढ़ाया। एक प्रोड्यूसर के तौर पर जयंत मुखर्जी ने फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में कई महत्वपूर्ण योगदान दिए। उनके करियर में 'मजाक' (1975) और 'दो लड़के दोनों कड़के' (1979) जैसी फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा, वह लोकप्रिय टेलीविजन टेलीविज़न सीरियल 'तलाश' (1992) से भी जुड़े रहे थे।

मौसमी चटर्जी के साथ 50 साल से अधिक का रहा लंबा सफर

जयंत मुखर्जी और अभिनेत्री मौसमी चटर्जी की प्रेम कहानी और शादी किसी मिसाल से कम नहीं रही। दोनों की शादी को 50 साल से भी ज्यादा का समय बीत चुका है। मौसमी चटर्जी ने छोटी उम्र में अपनी प्रसिद्ध बंगाली फिल्म 'बालिका बधू' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था, तभी कम उम्र में उनकी शादी जयंत से तय हो गई थी। एक इंटरव्यू के दौरान मौसमी ने बताया था कि जब उनकी सगाई तय हुई थी, तब वह क्लास 10वीं में थीं और उसके तुरंत बाद उनका विवाह हो गया था।

2019 में हुआ था बेटी का निधन

विवाह के बाद कपल मुंबई आ गया था। जहां मौसमी चटर्जी ने अपने एक्टिंग करियर को सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया, जबकि जयंत ने भी अपनी रचनात्मक यात्रा जारी रखी। कपल की दो बेटियां थीं- मेघा मुखर्जी और पायल मुखर्जी। लेकिन, साल 2019 में उनके जीवन में एक बहुत बड़ा और असहनीय दुख आया, जब उनकी बड़ी बेटी पायल का महज 45 साल की उम्र में निधन हो गया। पायल लंबे समय से जुवेनाइल डायबिटीज से पीड़ित थीं और कोमा में रहने के कारण 2017 से लगातार अस्पताल के चक्कर काट रही थीं। बेटी की गंभीर हालत को देखते हुए मौसमी और जयंत ने 2018 में बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था ताकि वह अपनी बेटी की गार्जियनशिप प्राप्त कर सकें।

मौसमी चटर्जी ने अपने शानदार अभिनय करियर में 'अनुराग', 'नैना', 'कच्चे धागे', 'बेनाम', 'हमशक्ल' और 'रोटी कपड़ा और मकान' जैसी अनगिनत सुपरहिट हिंदी फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा वह बंगाली सिनेमा का भी एक बड़ा चेहरा रहीं और बाद में राजनीति के क्षेत्र में भी सक्रिय हुईं। पति जयंत मुखर्जी के निधन से अभिनेत्री और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, और पूरी इंडस्ट्री इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है।

Updated on:
13 Nov 2026, 12:26 PM IST
Published on: