बॉलीवुड

संगीत सम्राट पंडित जसराज के निधन से गम में डूबा बॉलीवुड, इन सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि

भारतीय शास्त्रीय गायक पंडित जसराज का सोमवार को 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है। कलाकारों ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी।

2 min read
Aug 18, 2020
pandit jasraj

अपने संगीत से लोगों को मंत्रमुग्ध कर देने वाले भारतीय शास्त्रीय गायक पंडित जसराज का सोमवार को 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है। कलाकारों ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी। अभिनेत्री कंगना रनोत ने लिखा,'पंडित जी का निधन संगीत जगत के लिए बड़ा नुकसान है। जब भी मेरे जीवन में बड़ी चुनौतियां आईं, विचलित महसूस करने लगी तो पंडित जी द्वारा गाई गई हनुमान चालीसा सुनती थी। दुख की बात ये है कि उनसे एक बार मिलने का मेरा सपना आज उनके जाने के बाद पूरी तरह से बिखर गया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।'

वहीँ प्रसून जोशी ने लिखा,'हम भाग्यशाली हैं कि हमने उस युग में जन्म लिया जहां पंडित जी के स्वर गूंजते थे। गहरायी और उंचाई के एक साथ दर्शन होते थे। उनसे जुड़ पाना मेरा सौभाग्य था।' लता मंगेशकर ने भी श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया,'महान शास्त्रीय गायक और मां सरस्वती के उपासक संगीत सम्राट पंडित जसराज जी के स्वर्गवास की खबर सुनकर मुझे असीम दुख हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे, मैं यही प्रार्थना करती हूं।'


आशा भोसले ने पंडित जसराज को याद करते हुए लिखा, मैं पंडित जसराज जी के दुर्भाग्यपूर्ण निधन से बहुत दुखी हूं। मैंने ऐसे व्यक्ति को खोया जो मेरे लिए बेहद प्रिय थे। मैंने एक बड़े भाई को खो दिया है। संगीत का सूरज डूब गया। वह बहुत अच्छे गायक थे, हम एक दूसरे को काफी समय से जानते थे, यहां तक कि उनके शादी के पहले से। वह मेरी बहुत प्रशंसा करते थे और वे हमेशा कहते थे, मैं तुम्हें गाना सिखाऊंगा।' साथ ही उन्होंने बताया,'उन दिनों की बात है, जब मैंने अमेरिका में उनके शास्त्रीय स्कूल का दौरा किया था, जहां वह कई टैलेंट्स को संगीत सिखाते थे। मुझे याद है कि मैं कैसे उनके स्कूल में दाखिला लेना चाहती थी। उसी ट्रिप में हम दोनों साथ में डिनर करने गए थे। जसराज जी शुद्ध शाकाहारी थे। वे स्वास्थ्य कारणों से मुझे भी शाकाहारी बनने का अनुरोध करते रहे। मैं हमेशा उनके बचपने को याद करूंगी।'

Published on:
18 Aug 2020 02:48 pm
Also Read
View All