
अजय देवगन रकी नई फिल्म का नाम होगा सूर्यस्पर्श (Photo Source- Twitter/@cine_infinity)
Ajay Devgn new Movie Suryasparsh: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और निर्माता अजय देवगन (Ajay Devgn) एक बार फिर दर्शकों के लिए एक शानदार फिल्म लेकर आ रहे हैं।फिल्म 'शैतान' की बंपर सफलता के बाद, अजय देवगन ने अपने नए और हाई-कॉन्सेप्ट प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है। हिंदू धर्मशास्त्र के पवित्र ग्रंथ 'गरुड़ पुराण' से प्रेरित फिल्म का नाम 'सूर्यस्पर्श' (Suryasparsh) रखा गया है। यह एक डरावनी, रहस्यमयी और सुपरनैचुरल थ्रिलर मूवी कही जा रही है, जिसमें अजय देवगन एक नैतिक रूप से ग्रे-शेडिड (Grey-shaded) और सुपरनैचुरल किरदार में नजर आएंगे।
बॉलीवुड हंगामा की खास रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म 'सूर्यस्पर्श' का नाम जितना अच्छा लग रहा है, इसकी कहानी भी उतनी ही गहराई और रहस्य से भरी होगी। यह प्रोजेक्ट वेद व्यास द्वारा रचित 'गरुड़ पुराण' से प्रेरित होगा, जो भगवान विष्णु और पक्षियों के राजा गरुड़ के बीच हुई बातचीत पर आधारित एक पवित्र संस्कृत ग्रंथ है।
'सूर्यस्पर्श' की शूटिंग 2 सितंबर से आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है और इसका पहला शेड्यूल नवंबर तक पूरा किया जाएगा। मेकर्स ने इस बड़े प्रोजेक्ट को 2027 तक सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।
फिल्म का निर्माण पैनोरमा स्टूडियोज (कुमार मंगत और अभिषेक पाठक) और देवगन फिल्म्स मिलकर कर रहे हैं। दोनों बैनरों की यह साझेदारी पहले भी 'दृश्यम', 'रेड' और 'शैतान' जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुकी है। इसके अलावा, फैंस की पसंदीदा फ्रेंचाइजी की आखिरी पार्ट 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' भी इसी पार्टनरशिप के तहत 2 अक्टूबर को रिलीज होने जा रहा है।
'सूर्यस्पर्श' का निर्देशन रोहित जुगराज कर रहे हैं। रोहित ने अपने करियर की शुरुआत साल 2003 में राम गोपाल वर्मा की अजय देवगन स्टारर हॉरर फिल्म 'भूत' में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की थी। इसके बाद उन्होंने 'सरदारजी' फ्रेंचाइजी और ओटीटी पर 'यह काली काली आंखें' और 'चमक' जैसे चर्चित शो का निर्देशन कर अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
प्रोड्यूसर अभिषेक पाठक ने फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, "अजय देवगन के बतौर एक्टर और प्रोड्यूसर जुड़ने से प्रोजेक्ट को एक नया क्रिएटिव आयाम मिला है। रोहित जुगराज इस डरावनी कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत करने के लिए सबसे उपयुक्त फिल्ममेकर हैं। पैनोरमा स्टूडियोज और देवगन फिल्म्स का यह सफर इस नई फिल्म के साथ और मजबूत हो रहा है।"
Updated on:
22 Sept 2026 02:05 pm
Published on:
22 Sept 2026 01:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
