बॉलीवुड

Border 2: मेजर होशियार सिंह के रोल में वरुण धवन, रोंगटे खड़े कर देने वाला पोस्टर रिलीज

Border 2 Movie Update: मेजर होशियार सिंह के रोल में वरुण धवन का धांसू ट्रांसफॉर्मेशन देखने को मिला है। देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में एक्टर धांसू अवतार में नजर आने वाले हैं।
2 min read
Nov 05, 2025
Varun-Dhawan-Border-2-First-Look-Out
‘बॉर्डर 2’ मूवी का पोस्टर: बाएं तरफ सनी देओल और दाएं तरफ वरुण (इमेज सोर्स: एक्टर्स इंस्टाग्राम)

Varun Dhawan Border 2 First Look Out: वरुण धवन एक बार फिर बड़े पर्दे पर देशभक्ति की लहर जगाने आ रहे हैं। ‘बॉर्डर 2’ में उनका मेजर होशियार सिंह दहिया वाला लुक देखकर फैंस के रोंगटे खड़े हो गए हैं। खून से लथपथ चेहरा, आंखों में जोश और शरीर पर सैनिक की वर्दी, वरुण का यह ट्रांसफॉर्मेशन बिल्कुल “देश के शेर” जैसा लग रहा है। देशभक्ति और जुनून से भरी इस फिल्म में वरुण के साथ कई बड़े सितारे भी नजर आने वाले हैं। तो चलिए, जानते हैं, ये फिल्म कब रिलीज होगी। ‘बॉर्डर 2’, कौन-कौन इसमें धमाल मचाएगा और आखिर क्यों कहा जा रहा है कि ये फिल्म ब्लॉकबस्टर बनने वाली है।

एक्टर ने पोस्टर किया शेयर

‘भेड़िया’ फेम वरुण धवन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर फिल्म 'बॉर्डर-2' से अपना लुक रिवील किया है। उन्हें खून से लथपथ फौजी की वर्दी में देखा जा सकता है, वह हाथ में बंदूक लिए फौलादी जुनून के साथ चिल्लाते हुए दुश्मनों पर टूटते हुए दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने पोस्ट को शेयर कर कैप्शन में लिखा, "देश के सिपाही पीवीसी (परम वीर चक्र) होशियार सिंह दहिया, 'बॉर्डर-2' 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज।"

मेजर होशियार सिंह दहिया ने पाकिस्तानी सैनिकों को चटाई थी धूल

मेजर होशियार सिंह दहिया एक ऐसा नाम जो भारतीय सेना के इतिहास में साहस और बलिदान का प्रतीक है। साल 1957 में जाट रेजिमेंट में भर्ती हुए मेजर दहिया ने अपने अदम्य साहस से 1971 के भारत-पाक युद्ध में वो कर दिखाया, जो आज भी हर भारतीय के रोंगटे खड़े कर देता है। उस भीषण जंग में जब पाकिस्तानी बटालियन ने उनकी पोस्ट पर घात लगाकर हमला किया, तब उन्होंने घायल होने के बावजूद हार नहीं मानी।

गोलियों की बौछार के बीच, वे डटे रहे और एक-एक कर कई दुश्मनों को मौत के घाट उतार दिया। लेकिन लड़ते-लड़ते वे वीरगति को प्राप्त हो गए। उनकी इस शौर्यगाथा के लिए देश ने उन्हें अपने सर्वोच्च युद्ध सम्मान ‘परमवीर चक्र’ से नवाजा। मेजर होशियार सिंह दहिया सिर्फ एक सैनिक नहीं थे, वे भारत की मिट्टी के सच्चे हीरो थे, जिन्होंने दिखा दिया कि देशभक्ति सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि बलिदान की भावना है।

फिल्म में नजर आएंगे ये स्टार

वरुण धवन के धमाकेदार फौजी लुक के बाद अब फैंस की नजरें सनी देओल और दिलजीत दोसांझ पर टिकी हैं। फिल्म में सनी देओल एक बार फिर अपने आइकॉनिक किरदार मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी के रूप में वापसी करने वाले हैं।

‘बॉर्डर 2’ मूवी स्टारकास्ट (इमेज सोर्स: एक्टर्स इंस्टाग्राम)

वहीं, दिलजीत दोसांझ इस बार एयरफोर्स अफसर निर्मल सिंह सेखों की यूनिफॉर्म में नजर आएंगे। ऐसे में इस बार जमीन से लेकर आसमान तक ‘बॉर्डर 2’ में जंग का रोमांच छा जाने वाला है।

फिल्म की स्टारकास्ट में मोना सिंह, अहान शेट्टी और सोनम बाजवा भी शामिल हैं, जो कहानी को और दमदार बनाएंगे। फिलहाल मेकर्स ने सिर्फ वरुण धवन का जबरदस्त लुक रिलीज किया है, लेकिन खबर है कि जल्द ही दिलजीत का लुक और फिल्म का ट्रेलर भी सामने आने वाला है।

बता दें निधि दत्ता, भूषण कुमार, जे.पी. दत्ता और कृष्ण कुमार के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है।

Updated on:
05 Nov 2025 06:47 pm
Published on:
05 Nov 2025 06:47 pm