
Brett Lee On Preity Zinta dating rumors: दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में शुमार ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बॉलर ब्रेट ली (Brett Lee) इन दिनों सुर्खियों में हैं। भारत में उन्हें लोगों ने खूब प्यार दिया है और उन्होंने दिवंगत आशा भोसले के लिए एक म्यूजिक एल्बम में भी काम किया था। इस वजह से कह सकते हैं कि उनका बॉलीवुड से भी गहरा नाता रहा है। अब एक बार फिर वह मुंबई पहुंचे हैं और इस दौरान उन्होंने अपनी 30 साल पुरानी उन हसीन यादों को ताजा किया, जब वह महज एक टीनएजर के रूप में अपने कंधे पर क्रिकेट किट टांगे मुंबई की सड़कों पर ऑटो-रिक्शा में घूमा करते थे। उन्होंने मुंबई के मॉनसून, यहां के लोगों और अपनी लाइफ से जुड़ी कई दिलचस्प बातें शेयर कीं। साथ ही उन्होंने प्रीति जिंटा संग अफेयर की खबरों पर भी चुप्पी तोड़ी है।
ब्रेट ली ने 'टाईम्स ऑफ इंडिया' से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि वह 1994 में ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के साथ पहली बार मुंबई आए थे। उन्होंने कहा, "मुंबई वापस आकर हमेशा बेहद खास लगता है। 1994 से मैं यहां आ रहा हूं और मेरे दिल में इस शहर के लिए बहुत खास जगह है। मैंने पूरा भारत घूमा है, लेकिन मुंबई में जो रफ्तार और एनर्जी है, वो दुनिया में कहीं और नहीं मिलती। यहां का मॉनसून शहर की खूबसूरती को और बढ़ा देता है।"
मुंबई में ऑटो-रिक्शा में पोज देते हुए ब्रेट ली पुरानी यादों में खो गए। उन्होंने आगे कहा, "भारत में मैंने जो पहला गाना सुना था, वह था 'मुकाबला'। एक रिक्शा ड्राइवर ने अपनी कैसेट पर इसे बजाया था। मुझे तब हिंदी का एक शब्द समझ नहीं आता था, लेकिन म्यूजिक बहुत पसंद आया। बाद में मैंने एआर रहमान का इंटरव्यू भी किया, जो एक अद्भुत अनुभव था।"
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के एक दशक बाद भी भारतीय फैंस के प्यार को देखकर ब्रेट ली अभिभूत हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया या दुबई में वह भूल जाते हैं कि वह क्रिकेटर थे, लेकिन मुंबई आते ही लोग उन्हें याद दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के लोग इतने दयालु हैं कि यहां उनके साथ किसी राजा जैसा व्यवहार किया जाता है।
अपने जमाने में क्रिकेट के सबसे बड़े 'हार्टथ्रोब' रहे ब्रेट ली ने बॉलीवुड एक्ट्रेस संग अफेयर की अफवाहों पर भी बात की। ब्रेट ली ने कहा, "मैंने कभी किसी बॉलीवुड एक्ट्रेस को डेट नहीं किया। प्रीति जिंटा और मैं पंजाब टीम के समय से ही बहुत अच्छे दोस्त रहे हैं और आज भी हैं। वह एक स्मार्ट महिला हैं और मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं।"