बॉलीवुड

“रहने के लिए छत नहीं थी और मैं सदमे में थी”, भारत वापसी के दिनों को याद कर भावुक हुईं सेलिना जेटली

Celina Jaitly: सेलिना जेटली ने अपनी जिंदगी को लेकर खुलासा किया। उन्होंने बताया है कि 15 साल की शादी टूटने और भारत लौटने के बाद उन्होंने किन मुश्किलों का सामना किया था। उनकी सबसे बड़ी मदद प्रीति जिंटा ने की थी।
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2026, 2:31 PM IST
Celina Jaitly reveals on Friend Preity Zinta help in tough time after divorce and return india
सेलिना जेटली ने अपनी जिंदगी को लेकर दिया बयान (Photo Source- Instagram/celinajaitlyofficial)

Celina Jaitly On Friend Preity Zinta: बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना विक्रम जेटली (Celina Vikram Jaitly) इन दिनों अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ दोनों को लेकर चर्चा में हैं। अक्टूबर 2025 में अपनी 15 साल लंबी शादी के टूटने के बाद जब सेलिना भारत वापस लौटीं, तो उनके लिए यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। उसी दर्द को याद करते हुए एक्ट्रेस ने अपने उस मुश्किल दौर, डिप्रेशन, बेघर होने के हालातों और फिल्म इंडस्ट्री में हो रही धमाकेदार वापसी को लेकर खुलकर बात की है।

सेलिना जेटली ने निजी जिंदगी को लेकर किया खुलासा

'टाइम्स ऑफ इंडिया' से सेलिना जेटली ने खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर को याद किया। सेलिना ने बताया कि जब उन्होंने भारत वापसी की, तो अचानक हुए इस बड़े बदलाव ने उन्हें अंदर से तोड़ कर रख दिया था। सदमे की वजह से उन्होंने घर से बाहर निकलना तक बंद कर दिया था।

सेलिना ने अपने उस बुरे वक्त को याद करते हुए बताया, "शुरू में, मेरे पास रहने के लिए भी कोई जगह कोई छत नहीं थी। मैं सदमे में थी और मैंने बाहर निकलना लगभग बंद कर दिया था।" ऐसे वक्त में उनकी पुरानी दोस्त और बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा (Preity Zinta) उनके लिए एक फरिश्ता बनकर सामने आईं।

सेलिना ने आगे प्रीति जिंटा का आभार जताते हुए कहा, "मेरी प्यारी बहन प्रीति ने ही मुझे उस अंधेरे से बाहर निकलने में मदद की और मुझे बाहर निकलने, फिर से काम शुरू करने और अपनी जिंदगी फिर से शुरू करने के लिए हिम्मत दी थी। मैं इसके लिए हमेशा उनकी शुक्रगुजार रहूंगी। वह सचमुच मेरे पंखों के नीचे हवा की तरह रही हैं।"

सेलिना जेटली कर रही 15 साल बाद बड़ी वापसी

सेलिना जेटली अब करीब 15 साल तक मेनस्ट्रीम सिनेमा से दूर रहने के बाद डायरेक्टर अनिल शर्मा की अपकमिंग पीरियड ड्रामा फिल्म 'अर्जुन नागा' से बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। यह फिल्म उन्हें जिंदगी के एक ऐसे मोड़ पर मिली है जब उन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।

सेलिना जेटली ने इस फिल्म के मिलने के पीछे एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि सितंबर की शुरुआत में वह सनी देओल के साथ एक इवेंट में गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर शामिल हुई थीं, जहां के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। उन्होंने साल 2003 में फिल्म 'खेल' में सनी देओल के साथ काम किया था। जब फिल्ममेकर अनिल शर्मा ने वह वीडियो देखा, तो उन्होंने तुरंत सनी देओल को फोन करके पूछा कि क्या वीडियो में दिखने वाली महिला सेलिना ही हैं। इसके बाद जब उन्हें पता चला कि सेलिना भारत वापस आ चुकी हैं, तो उन्होंने तुरंत अपनी कास्टिंग टीम को उनसे संपर्क करने के लिए कहा।

सेलिना को कैसे मिली अनिल शर्मा की फिल्म?

सेलिना ने यह भी बताया कि दिलचस्प बात यह है कि उन्हें यह फिल्म उसी दिन ऑफर हुई जिस दिन उन्होंने कानूनी रूप से अपना नाम बदलकर 'सेलिना विक्रम जेटली' कर लिया था। यह नाम उन्होंने अपने पिता, स्वर्गीय कर्नल विक्रम कुमार जेटली के सम्मान और उनकी वॉर हीरो की लेगेसी को आगे बढ़ाने के लिए रखा है। 1960 और 70 के दशक के दुबई ऑयल बूम की कहानी पर आधारित इस फिल्म में उनके साथ अर्जुन रामपाल, रणदीप हुड्डा, उत्कर्ष शर्मा और जरीना वहाब जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे। सेलिना का कहना है कि अर्जुन रामपाल के साथ काम करने को लेकर वह बेहद उत्साहित हैं।

Updated on:
1 Nov 2026, 2:31 PM IST
Published on: