
अपने दौर में रूमानियत और फैशन आइकन रहे देव आनंद को लेकर यूं तो कई किस्से मशहूर हैं, लेकिन इन सबसे खास उनके काले कोट पहनने से जुड़े किस्से हैं। देव आनंद ने एक दौर में व्हाइट शर्ट और ब्लैक कोट को इतना पॉपुलर कर दिया था कि लोग उन्हें कॉपी करने लगे।
देवानंद हिंदी सिनेमा के हैंडसम एक्टर्स में से एक रहे हैं। उनकी फिल्में हों या लुक्स, हर चीज का जलवा था। यूं तो देव साहब डायलॉग डिलीवरी के लिए जाने जाते थे। लेकिन एक और चीज थी, जो उन्हें सुर्खियों में लाई। पता है क्या? काला कोट।
बिल्कुल सही सुना आपने। हम काले कोट की बात ही कर रहे हैं। देव साहब सफेद शर्ट पर जब काला कोट पहनते तो मानो कहर ढाते। यह स्टाइल उन दिनों खूब मशहूर हुआ था। लड़कियां जब उन्हें इस लुक में देखतीं तो दीवाना हो जातीं। देव साहब के लिए वे छत से छलांग लगाने को तैयार हो जातीं। लड़कियां देव साहब को काले लिबास में देख जान जोखिम में डालतीं और अपनी फिक्र न करतीं। यह सब देख कोर्ट को दखल देनी पड़ी।
यह किस्सा उस समय का है, जब उनकी फिल्म ‘काला पानी’ हिट हुई थी। कोर्ट ने इसी दौरान देव साहब के काले कपड़े पहनने पर पाबंदी लगाई थी। चूंकि देव साहब लड़कियों की जिंदगी जानकर जोखिम में नहीं डाल रहे थे। लेकिन इसकी वजह उनके काले कपड़े थे, लिहाजा इस सब को रोकने के लिए कोर्ट ने उनके काले कपड़े पहनने पर रोक लगा दी थी।