बॉलीवुड

“चाहते तो कसाब को वहीं मार देते, पर न्याय व्यवस्था की ताकत दिखाई”, ‘प्रहार’ के ट्रेलर लॉन्च पर बोले देवेंद्र फडणवीस

Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फिल्म 'प्रहार : द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' का ट्रेलर लॉन्च किया। इस मौके पर उन्होंने कसाब को लेकर बयान दिया और कहा कि उसे मार भी सकते थे लेकिन उसे जिंदा पकड़ा।
2 min read
• •
Sep 30, 2026
Devendra Fadnavis React On Ajmal Kasab was captured alive prahaar trailer
देवेंद्र फडणवीस ने फिल्म प्रहार के ट्रेलर लॉन्च पर दिया बयान (Photo Souec- Twitter/CMO Maharashtra)

Devendra Fadnavis On Ajmal Kasab: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मुंबई के ऐतिहासिक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर बहुचर्चित फिल्म 'प्रहार : द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' का ट्रेलर आधिकारिक रूप से लॉन्च किया। गौरतलब है कि CSMT स्टेशन 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान मुख्य निशाना बने स्थानों में से एक था। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने फिल्म के मेकर्स, स्टारकास्ट और अभिनेता राजकुमार राव की जमकर तारीफ की। साथ ही उन्होंने अजमल कसाब को लेकर बड़ा बयान दिया है।

देवेंद्र फडणवीस ने फिल्म अजमल कसाब को लेकर क्या कहा?

मुंबई के CSMT स्टेशन पर फिल्म 'प्रहार : द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' का ट्रेलर लॉन्च किया गया है। बीती रात इस कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और खुद उज्ज्वल निकम भी मौजूद थे। इस दौरान 26/11 हमलों के बाद अजमल कसाब को जिंदा पकड़ने और उसके मुकदमे पर देवेंद्र फडणवीस ने बयान दिया।

देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "शायद अगर हम चाहते तो कसाब को तुरंत गोली मार सकते थे। लेकिन हमारी पुलिस और न्याय व्यवस्था ने दुनिया के सामने यह साबित किया कि भारत एक ऐसा लोकतांत्रिक देश है, जहां आतंकियों को भी कानून के दायरे में लाकर कड़ी सजा दी जाती है।"

फडणवीस ने विशेष सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ कसाब को फांसी के फंदे तक ही नहीं पहुंचाया, बल्कि इस हमले के पीछे पाकिस्तान की सरकारी सरपरस्ती में चल रहे आतंकवाद और उसकी वैश्विक साजिश का पर्दाफाश भी दुनिया के सामने किया।

वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, 'छावा' से की तुलना

ट्रेलर लॉन्च के दौरान मुख्यमंत्री ने 26/11 हमले में वीरगति को प्राप्त हुए मुंबई एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे, एसीपी अशोक कामटे, विजय सालस्कर और तुकाराम ओंबले जैसे जांबाज अधिकारियों की शहादत को याद किया। उन्होंने कहा कि अगर ये वीर अधिकारी उस रात अपनी जान पर न खेलते, तो न्याय का यह सफर आसान नहीं होता।

फिल्म की तुलना ऐतिहासिक फिल्म 'छावा' से करते हुए फडणवीस ने कहा, "जिस तरह 'छावा' ने छत्रपति संभाजी महाराज के शौर्य गाथा को जन-जन तक पहुंचाया, उसी तरह 'प्रहार' भी इतिहास के इस बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण अध्याय को देश के सामने रखेगी। यह सिर्फ मनोरंजन की फिल्म नहीं है, बल्कि इसमें राष्ट्रभक्ति का एक बहुत गहरा संदेश छुपा है।"

फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे राजकुमार राव की तारीफ करते हुए फडणवीस ने अपील की कि हर भारतीय को यह फिल्म देखनी चाहिए और वह खुद भी इसे जरूर देखेंगे।

Updated on:
30 Sept 2026 07:00 am
Published on:
30 Sept 2026 06:46 am