बॉलीवुड

धर्मेंद्र के बाद अब 92 वर्षीय प्रेम चोपड़ा अस्पताल में भर्ती, फैंस में बढ़ी चिंता

Prem Chopra Hospitalised: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर प्रेम चोपड़ा की अचानक से तबीयत ठीक नहीं है, उन्हें मुंबई के बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
2 min read
Nov 10, 2025
Prem Chopra admitted to hospital
अभिनेता प्रेम चोपड़ा लीलावती अस्पताल में भर्ती (इमेज सोर्स: IMDb)

Prem Chopra Admitted To Hospital: कुछ घंटे पहले खबर आई थी कि अभिनेता धर्मेंद्र वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। इस बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है। जी हां, हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता प्रेम चोपड़ा की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। 92 वर्षीय अभिनेता को मुंबई के बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज वरिष्ठ डॉक्टर नितिन गोखले और जलील पार्कर की देखरेख में चल रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, प्रेम चोपड़ा के शरीर में इंफेक्शन फैलने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें अगले दो से तीन दिन तक निगरानी में रखा जाएगा। फैंस ‘विलन विद अ गोल्डन हार्ट’ कहे जाने वाले प्रेम चोपड़ा के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

प्रेम चोपड़ा के निधन की झूठी अफवाह

कुछ साल पहले भी सोशल मीडिया पर प्रेम चोपड़ा के निधन की झूठी खबर ने उनके प्रशंसकों को परेशान कर दिया था। उस वक्त खुद अभिनेता ने सामने आकर इस अफवाह पर विराम लगाया था। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा था, “लोग बिना वजह ऐसी गलत बातें फैलाते हैं, जिससे परिवार और दोस्तों को अनावश्यक चिंता होती है।” उस समय प्रेम चोपड़ा ने सभी से अपील की थी कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और जिम्मेदारी से खबरें फैलाएं।

इससे पहले, अभिनेता और उनकी पत्नी उमा चोपड़ा भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए थे। उस वक्त भी दोनों को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर जलील पार्कर की देखरेख में उनका इलाज हुआ था। इलाज के बाद दोनों पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट आए थे, तब जाकर फैंस ने राहत की सांस ली थी।

अब एक बार फिर प्रेम चोपड़ा को उसी अस्पताल में भर्ती किए जाने की खबर सामने आई है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रखे हुए है।

शानदार करियर: 400 से अधिक फिल्में

अपने लंबे और शानदार करियर में प्रेम चोपड़ा ने 400 से अधिक फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। उनके संवाद, उनकी मुस्कान और उनका अंदाज आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है।

भारतीय सिनेमा में दशकों तक सक्रिय रहने वाले इस ‘विलन विद चार्म’ को 2023 में फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था,जो उनके अद्भुत सफर और अभिनय के प्रति समर्पण का सच्चा प्रमाण है।

Updated on:
10 Nov 2025 08:57 pm
Published on:
10 Nov 2025 08:57 pm