Dhurandhar 2 Controversy: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' देखते हुए हैदराबाद में जमकर हंगामा देखने को मिला। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
Dhurandhar 2 Controversy: 'धुरंधर 2' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई के साथ-साथ विवादों की वजह से भी सुर्खियों में बनी हुई है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म को लेकर अब एक नया मामला सामने आया है, जहां हैदराबाद के एक सिनेमाघर में हिंदी और तेलुगु वर्जन को लेकर दर्शकों के बीच जमकर बहस हो गई। हालात ऐसे बने कि थिएटर मैनेजमेंट के साथ पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।
ये घटना नेक्स्ट गलेरिया मॉल के पीवीआर सिनेमा में सामने आई, जहां दर्शकों का दावा है कि एक ही स्क्रीन के लिए हिंदी और तेलुगु दोनों भाषाओं के टिकट बेच दिए गए थे। जैसे ही शो शुरू हुआ और बीच में प्रमोशनल वीडियो चलाया गया, दर्शकों को इस गड़बड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद थिएटर के अंदर माहौल गर्म हो गया और लोग अपनी-अपनी भाषा में फिल्म चलाने की मांग करने लगे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ दर्शक तेलुगु वर्जन चलाने की मांग कर रहे थे, जबकि कई लोग हिंदी में फिल्म देखने पर अड़े हुए थे। एक महिला दर्शक जोर-जोर से कहती सुनाई दी कि उन्होंने पहले तेलुगु वर्जन के टिकट बुक किए थे, इसलिए वही फिल्म दिखाई जानी चाहिए।
जैसे-जैसे विवाद बढ़ता गया, थिएटर मैनेजमेंट और सुरक्षा कर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कुछ दर्शकों ने तो यहां तक कह दिया कि अगर उन्हें अलग स्क्रीन नहीं दी गई तो वे सीढ़ियों पर बैठकर ही फिल्म देखेंगे।
बाद में सामने आए एक अन्य वीडियो में दावा किया गया कि थिएटर में आखिरकार हिंदी वर्जन चलाया गया, जबकि कई दर्शकों ने तेलुगु भाषा के टिकट बुक किए थे। इस पूरे घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ ला दी।
घटना के वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स ने इस पर अलग-अलग अंदाज में प्रतिक्रिया दी। किसी ने मजाक में कहा कि फिल्म पहले ही चार घंटे लंबी है, ऊपर से दर्शकों को ‘एक घंटा अतिरिक्त मनोरंजन’ मिल गया। वहीं कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि फिल्म का पहला हिस्सा तेलुगु में और दूसरा हिस्सा हिंदी में चला देना चाहिए था। एक यूजर ने तो मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें इसके बजाय 'उस्ताद भगत सिंह' के टिकट बुक कर लेने चाहिए थे।
गौरतलब है कि 'धुरंधर 2' को हिंदी के साथ-साथ दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी रिलीज किया गया था। हालांकि कंटेंट डिलीवरी में देरी के कारण साउथ के कुछ वर्जन की स्क्रीनिंग तय समय से बाद में शुरू हुई थी। बाद में सेंसर बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद इन वर्जन को रिलीज किया गया।
फिल्म की कहानी एक भारतीय जासूस के मिशन पर आधारित है, जिसे ल्यारी भेजा जाता है ताकि वह एक बड़े आतंकी नेटवर्क को खत्म कर सके। फिल्म में सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।