बॉलीवुड

दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में मिली कईं चेतावनियां

Diljit Dosanjh Fresh Bomb Threat: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को लेकर धमकी भरा ई-मेल मिला है। दिलजीत दोसांझ इन दिनों भारत में अलग-अलग शहरों में टूर कर रहे हैं।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 1:55 PM IST
Diljit Dosanjh Fresh Bomb Threat
दिलजीत दोसांझ (फोटो सोर्स- IMDb)

Diljit Dosanjh Fresh Bomb Threat: सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच चर्चा में हैं। उनके 'ऑरा इंडिया टूर 2026' के तहत 29 नवंबर को बेंगलुरु में होने वाले शो को कथित तौर पर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक, धारवाड़ के पुलिस कमिश्नर को एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) धमाका करने की चेतावनी दी गई है। ईमेल सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। खास बात यह है कि धमकी देने वाले ने कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को भी कई चेतावनियां दी हैं।

ईमेल में लिखा- खालिस्तान जिंदाबाद

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को भेजा गया है। इसमें 29 नवंबर को बेंगलुरु के मादावरा स्थित एनआईसीई रोड ग्राउंड में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई है।

ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा भी लिखा गया है। इसके अलावा शो के दौरान आईईडी धमाके की चेतावनी दी गई है। हालांकि, पुलिस अभी इस धमकी की वास्तविकता और ईमेल भेजने वाले की पहचान की जांच कर रही है। फिलहाल किसी हमले की पुष्टि नहीं हुई है।

बच्चों को साथ न लाने और मेट्रो से सफर न करने की चेतावनी

धमकी भरे ईमेल में सिर्फ कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात नहीं कही गई, बल्कि वहां पहुंचने वाले दर्शकों को भी चेतावनी दी गई है। ईमेल भेजने वाले ने अभिभावकों से बच्चों को कार्यक्रम स्थल पर नहीं लाने के लिए कहा है। इसके अलावा आईफोन पर आने वाली कॉल का जवाब न देने और मेट्रो से यात्रा करने से बचने जैसी बातें भी लिखी गई हैं।

पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल दिलजीत या उनकी टीम की ओर से कॉन्सर्ट के कार्यक्रम में किसी बदलाव या शो रद्द होने की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

इससे पहले भी मिल चुकी है धमकी

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले उनके शो से पहले भी धमकी भरे ईमेल सामने आए थे। इंदौर के मेयर कार्यालय, कुछ निजी स्कूलों और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को धमकी वाले ईमेल भेजे गए थे।

इन ईमेल में बम धमाके की चेतावनी दी गई थी और दिलजीत के कॉन्सर्ट का भी जिक्र किया गया था। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी। गायक ने कड़ी सुरक्षा के बीच इंदौर में परफॉर्म किया था।

अहमदाबाद कॉन्सर्ट में तैनात थे हजारों सुरक्षाकर्मी

21 नवंबर को अहमदाबाद में हुए दिलजीत के कॉन्सर्ट के दौरान भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कार्यक्रम के दौरान करीब 2000 पुलिसकर्मी और 1500 निजी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।

सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और बम निरोधक दस्ते की टीमें भी लगाई गई थीं। क्विक रिस्पॉन्स टीमों को भी तैनात किया गया था, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

29 नवंबर को होना है बेंगलुरु में शो

बता दें कि दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' के तहत देश के अलग-अलग शहरों में कॉन्सर्ट कर रहे हैं। बुकमायशो पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उनका अगला बेंगलुरु शो 29 नवंबर को मादावरा स्थित एनआईसीई ग्राउंड्स में आयोजित होना है। कार्यक्रम शाम 4 बजे शुरू होने वाला है।

फिलहाल पुलिस धमकी भरे ईमेल के स्रोत और उसकी विश्वसनीयता का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की ओर से आगे की जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Updated on:
24 Nov 2026, 1:55 PM IST
Published on:
Also Read
View All
धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर भावुक हुईं हेमा मालिनी, बोलीं- वो सिर्फ मेरे पति नहीं, मेरी पूरी दुनिया थे

‘तुषार मुझसे बेहतर अभिनेता है’, पिता जीतेंद्र ने बेटे के लिए कही ये बात, बोले- मुझे सफलता किस्मत से मिली

दुनिया कहती थी ‘ही-मैन’, खुद में कमियां ढूंढते थे धर्मेंद्र, जब वो बोले थे- ‘ऐसा क्या है मुझमें?’

Ramayana Box Office Collection Day 19: वीकेंड पर धमाके के बाद रणबीर की ‘रामायण’ के कलेक्शन को लगा झटका, भारत में 1000 करोड़ से अब रह गई इतना दूर

Hanuman Ansh OTT Release: 450 करोड़ की कमाई के बाद OTT पर रिलीज होगी ‘हनुमान अंश’, जानें कब और कहां देख सकेंगे फिल्म, इस हफ्ते आएंगी ये फिल्में और सीरीज