
Drishyam 3 The Conclusion: अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही कई तरह की थ्योरी चल रही थीं। ऐसे में निर्देशक अभिषेक पाठक के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि फिल्म के आखिरी अध्याय में ऐसा क्या दिखाया जाए, जिसकी कल्पना दर्शक पहले से न कर पाएं। अब निर्देशक ने फिल्म की कहानी और इसके सबसे अहम किरदारों को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा की हैं।
अभिषेक पाठक के मुताबिक, फिल्म में तब्बू का किरदार मीरा देशमुख कहानी के केंद्र में है। पहली दो फिल्मों में अपने बेटे की मौत के मामले में न्याय पाने की कोशिश करने वाली मीरा इस बार पहले से अलग नजर आती है। निर्देशक ने बताया कि मीरा की भावनात्मक यात्रा ही फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाती है और इसी वजह से वह इस पूरे अध्याय की 'स्पाइन' यानी रीढ़ हैं।
मीरा देशमुख का किरदार शुरुआत से ही विजय सलगांवकर के लिए सबसे बड़ी चुनौती रहा है। बेटे की मौत का सच जानने और परिवार को न्याय दिलाने की उसकी कोशिश ने पिछली दोनों फिल्मों में कहानी को एक अलग दिशा दी थी। लेकिन तीसरे भाग में उसके सोचने और न्याय पाने के तरीके में बदलाव दिखाई देता है।
अभिषेक पाठक ने बताया कि पहली और दूसरी फिल्म में मीरा ने कानून के दायरे में रहकर न्याय पाने की कोशिश की थी। लेकिन अब उसे लगने लगा है कि सिर्फ कानूनी रास्ते से वह न्याय हासिल नहीं कर सकती, जिसकी उसे तलाश है। इसी वजह से तीसरे भाग में वह कुछ अलग रास्ता अपनाने का फैसला करती है।
निर्देशक के अनुसार, यह बदलाव सिर्फ मीरा के किरदार को नया रूप नहीं देता, बल्कि देशमुख परिवार के फैसलों और कहानी की दिशा को भी प्रभावित करता है। इसी वजह से दर्शकों के लिए यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार मीरा किस तरह विजय सलगांवकर के सामने नई चुनौती खड़ी करती है।
फिल्म की कहानी लिखते समय मेकर्स के सामने एक और बड़ी चुनौती थी। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी के दर्शक विजय सलगांवकर की हर चाल और कहानी के संभावित आखिर पर सालों से चर्चा करते रहे हैं। ऐसे में टीम चाहती थी कि तीसरे भाग का ट्विस्ट दर्शकों की उम्मीदों से बिल्कुल अलग हो। पाठक ने बताया कि लेखकों ने जानबूझकर लोकप्रिय फैन थ्योरी को आधार नहीं बनाया। टीम ने यह सोचने में काफी समय लगाया कि ऐसी कौन-सी चीज हो सकती है, जिसे दर्शकों ने अब तक नजरअंदाज किया हो। इसी सोच के साथ फिल्म के अप्रत्याशित मोड़ को तैयार किया गया।
‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ में अजय देवगन के साथ तबु, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, प्रकाश राज और जयदीप अहलावत अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज हुई थी और तीसरे दिन तक भारत में 125 करोड़ रुपये से अधिक की नेट कमाई कर चुकी थी।