Elvish Yadav On Yadav Ji Ki Love Story Row: एल्विश यादव ने हाल ही में फिल्म यादव दी की लवस्टोरी को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी राय दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
Elvish Yadav On Yadav Ji Ki Love Story Row: सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक फिल्म 'यादव जी की लवस्टोरी' को लेकर बवाल थमता नजर नहीं आ रहा। फिल्म के टीजर रिलीज होने के बाद से ही यादव समुदाय के कुछ संगठनों ने आपत्ति जताई है और फिल्म पर रोक लगाने की मांग की है। इस बीच चर्चित यूट्यूबर एल्विश यादव ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और फिल्म निर्माताओं से संवेदनशीलता बरतने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी एक यादव युवक और मुस्लिम युवती के बीच प्रेम संबंध के इर्द-गिर्द घूमती है। टीजर सामने आने के बाद कुछ लोगों ने इसे समुदाय की भावनाओं से जोड़कर विरोध शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर फिल्म के बहिष्कार की मांग उठी और कई जगहों पर प्रदर्शन की खबरें भी सामने आईं।
फिल्म में प्रगति तिवारी, विशाल मोहन, अंकित बदाना, सुविंदर विक्की, मानसी रावत और दीपक कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज के लिए निर्धारित है, लेकिन मौजूदा विवाद ने इसके भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एल्विश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर लिखा कि अगर फिल्म में कोई ऐसा सीन या संवाद है जिससे यादव समाज की भावनाएं आहत होती हैं, तो निर्माताओं और निर्देशक को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने ये भी उम्मीद जताई कि मेकर्स सभी पक्षों की भावनाओं का सम्मान करेंगे और जरूरत पड़ने पर बदलाव करने से पीछे नहीं हटेंगे।
एल्विश का बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई है। कुछ लोग उनके रुख का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ इसे रचनात्मक स्वतंत्रता में दखल मान रहे हैं।
फिल्म की मुख्य अभिनेत्री प्रगति तिवारी ने भी विरोध पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि फिल्म पूरी तरह काल्पनिक प्रेम कहानी है और इसका उद्देश्य किसी भी जाति, धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं है। उनका कहना है कि यह एक लव ट्रायंगल पर आधारित मनोरंजक कहानी है, जिसे रचनात्मक दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए।
उन्होंने ये भी साफ किया कि फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से रिलीज की अनुमति मिल चुकी है और इसका शीर्षक आधिकारिक रूप से पंजीकृत है। ऐसे में वे उम्मीद करती हैं कि दर्शक बिना पूर्वाग्रह के फिल्म को देखेंगे।
फिलहाल फिल्म के निर्माता-निर्देशक की ओर से यह साफ नहीं किया गया है कि शीर्षक या कहानी में कोई बदलाव किया जाएगा या नहीं। विरोध और समर्थन के बीच फिल्म का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
मनोरंजन जगत में अक्सर ऐसी परिस्थितियां सामने आती रही हैं, जब किसी फिल्म की कहानी या नाम को लेकर विवाद खड़ा हो जाता है। अब देखना होगा कि ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के निर्माता इस मुद्दे का समाधान कैसे निकालते हैं और क्या निर्धारित तारीख पर फिल्म सिनेमाघरों तक पहुंच पाती है या नहीं।
ये भी पढ़ें