LPG Gas Shortage In Bangalore: फिल्ममेकर प्रकाश राज ने हाल ही में Iran-Israel युद्ध के बीच बढ़ते LPG संकट को लेकर एक बयान दिया है, जिसने सोशल मीडिया और राजनीति जगत में हलचल मचा दी है।
LPG Gas Shortage In Bangalore: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच बॉलीवुड एक्टर प्रकाश राज ने देश के कई बड़े शहरों में एलपीजी (LPG) की कमी को लेकर चिंता जाहिर की है। एक्टर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि गैस सप्लाई में कमी का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है, बल्कि होटल, रेस्टोरेंट और यहां तक कि श्मशान घाटों तक भी अब पहुंच गया है।
साथ ही, प्रकाश राज ने अपने पोस्ट में ये लिखा कि कई शहरों में गैस की कमी की वजह से आम लोगों और कारोबार दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने उनकी बात का सपोर्ट किया और कहा कि गैस की कमी से रोजमर्रा की जिंदगी और बिजनेस पर असर पड़ रहा है। तो वहीं कुछ लोगों ने ये भी कहा कि ये समस्या वैश्विक हालात से जुड़ी है, इसलिए इसका असर कई देशों में महसूस किया जा रहा है।
हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में लगभग 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। ऐसे में मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को भी गैस और फ्यूल सप्लाई में रुकावट का एक बड़ा कारण माना जा रहा है। इस मुद्दे पर Ministry of Petroleum and Natural Gas ने भी रिएक्ट किया है। मंत्रालय ने कहा कि देश में घरेलू एलपीजी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इसके द्वारा तेल रिफाइनरियों को गैस उत्पादन बढ़ाने और अतिरिक्त उत्पादन को घरेलू उपयोग के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इतना ही नहीं, मंत्रालय ने ये भी बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है और जमाखोरी या कालाबाजारी रोकने के लिए सिलेंडर बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतर रखा जा रहा है। साथ ही एलपीजी की सप्लाई को अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे कई जरूरी सेक्टरों के लिए प्राथमिकता देने की बात कही गई है। तो वहीं दूसरी ओर, होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री से जुड़े संगठनों ने भी चिंता जताई है। दरअसल, बेंगलुरु होटल एसोसिएशन ने कहा कि अगर गैस की कमी लंबे समय तक जारी रही तो कुछ होटलों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ सकता है। इसी तरह मुंबई के होटल और रेस्टोरेंट संगठनों ने दावा किया है कि करीब 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट पहले ही प्रभावित हो चुके हैं।
बता दें, चेन्नई होटल एसोसिएशन ने भी स्थिति को गंभीर बताते हुए प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि होटल और फूड इंडस्ट्री अस्पतालों, आईटी पार्क, कॉलेज हॉस्टल और यात्रियों को लगातार भोजन उपलब्ध कराती है, इसलिए गैस की कमी से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हो सकते हैं। साथ ही, एलपीजी सप्लाई को लेकर पैदा हुई चिंता ने सरकार, उद्योग और आम लोगों के बीच चर्चा को तेज कर दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में सप्लाई की स्थिति कितनी जल्दी सामान्य हो पाती है।