
Pradeep Rawat Passed Away: फिल्म लगान और गजनी जैसी ब्लॉकस्टर फिल्में देने वाले एक्टर प्रदीप रावत का निधन हो गया है। उन्होंने 4 अगस्त को 74 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। वह ब्लड कैंसर से पीड़ित थे और पिछले एक महीने से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। प्रदीप रावत ने टीवी के साथ-साथ बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में भी कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनकी प्रोफेशनल लाइफ के साथ ही उनकी निजी जिंदगी भी काफी दर्दभरी रही है।
प्रदीप रावत का जन्म हरियाणा के अंबाला में हुआ था। उनके पिता भारतीय सेना में थे और वह भी सेना में भर्ती होना चाहते थे, लेकिन कई कोशिशो के बाव भी उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पढ़ाई पूरी की और जबलपुर में एक बैंक में नौकरी करने लगे। नौकरी के दौरान उनकी दिलचस्पी अभिनय की ओर बढ़ गई और वह राज बब्बर के थिएटर ग्रुप 'एकजुट थिएटर' से जुड़ गए। यहीं से उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की पहली सीढ़ी चढ़ी थी।
प्रदीप जब थिएटर कर रहे थे उसी दौरान किसी ने उन्हें बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा के किरदार के लिए ऑडिशन देने की सलाह दी थी। उन्होंने ऑडिशन दिया और वह पास हो गए, उन्होंने वह किरदार मिल गया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और कई हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई।
प्रदीप रावत की निजी जिंदगी भी कई उतार-चढ़ाव से गुजरी। प्रदीप रावत ने 2 शादियां की थी। पहली पत्नी ने तलाक होने से पहले एक्टर पर गंभीर आरोप लगाए थे और उनसे अलग होने का फैसला कर लिया था। जिसके बाद उन्होंने दूसरी शादी की। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनकी पहली शादी केवल साढ़े पांच महीने ही चल पाई थी। उनके अनुसार, पहली पत्नी ने उन पर और उनके परिवार पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में मामला खत्म हुआ और दोनों का तलाक हो गया। पहली पत्नी की पहचान सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई थी।
पहली शादी टूटने के बाद प्रदीप रावत की जिंदगी में कल्याणी रावत आईं। दोनों की मुलाकात फिल्म 'स्टालिन' के सेट पर हुई थी। प्रदीप ने एक इंटरव्यू में बताया था कि पहली मुलाकात में उन्हें कल्याणी पसंद आ गई थीं, लेकिन शुरुआत में उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। बाद में एक शूटिंग के दौरान कल्याणी की कार खराब हो गई। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, नंबर एक्सचेंज हुए और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ महीनों तक एक-दूसरे को जानने के बाद दोनों ने साल 2006 में शादी कर ली। वहीं, उन्हें आमिर खान की बेटी की शादी में परिवार के साथ स्पॉट किया गया था।
प्रदीप रावत और कल्याणी रावत का एक बेटा है, जिसका नाम विक्रमादित्य रावत है। प्रदीप अपने बेटे को प्यार से विक्रम रावत कहकर बुलाते थे। हालांकि, विक्रमादित्य क्या करते हैं और किस क्षेत्र में एक्टिव हैं, इसकी सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। कल्याणी भी साउथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी रही हैं, लेकिन वह हमेशा लाइमलाइट से दूर रहीं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी कम ही नजर आती थीं। अब प्रदीप रावत के निधन के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके चाहने वाले उन्हें नम आंखों से याद कर रहे हैं।