बॉलीवुड

गोविंदा ने सोशल मीडिया पर उठे अफेयर के सवालों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- करिश्मा और रवीना संग भी गया हूं मंदिर

Govinda On affair Rumors: गोविंदा ने अपने अफेयर और पर्सनल लाइफ पर चल रही चर्चाओं पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। गोविंदा ने कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि लोगों का क्या दिक्कत है। मैं कोमल रानी के अलावा करिश्मा और रवीना के साथ भी मंदिर गया हूं।
2 min read
• •
Sep 25, 2026
Govinda On affair and Lalbaugcha Raja Darshan with Komal Rani
गोविंदा ने किए थे कोमल रानी संग लालबागचा राजा के दर्शन (Photo Source- Twitter/@diganta_guha)

Govinda On Komal Rani Lalbaugcha Raja Darshan: बॉलीवुड के 'हीरो नंबर वन' गोविंदा (Govinda) एक बार फिर सुर्खियों में छाए हुए हैं। इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म की रिलीज नहीं, बल्कि मुंबई के मशहूर 'लालबागचा राजा' (Lalbaugcha Raja) के दरबार में उनकी मौजूदगी है। 22 सितंबर को गोविंदा अपनी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ बप्पा के दर्शन और अंतिम आरती में शामिल हुए थे। दोनों के वीडियो और तस्वीरें वायरल होते ही सोशल मीडिया पर उनके रिलेशनशिप को लेकर अफवाहें तेज हो गईं थीं। अब खुद गोविंदा ने सभी खबरों पर जवाब दिया है।

गोविंदा ने अफेयर की खबरों पर क्या कहा?

गोविंदा ने ANI संग खास बातचीत की। इस दौरान जब गोविंदा से सवाल पूछा गया कि उनकी जिंदगी एक रियलिटी शो की तरह हो गई है और बप्पा के दर्शन के बाद से ही उनके नाम की चर्चाएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं, तो अभिनेता ने बेबाक अंदाज में अपनी बात रखी।

गोविंदा ने कहा, "लोग ऐसे रिएक्ट कर रहे हैं जैसे पता नहीं क्या हो गया हो! जैसे किसी की तो 'निकल पड़ी' है। मैं अपनी आने वाली फिल्म 'रूपा' की सफलता के लिए बप्पा से प्रार्थना करने गया था। मेरी फिल्म अभी सिर्फ शुरू (Inaugurate) हुई है और अभी से इतनी चर्चा में आ गई है। मुझे समझ नहीं आता कि इस पर लोगों को क्या आपदा है, क्या कष्ट है? अगर कोई काम शुरू हो रहा है और हम फेमस हो रहे हैं, तो इसमें दूसरों को क्या तकलीफ है?"

"करिश्मा और रवीना के साथ भी गया था मंदिर"- गोविंदा

को-स्टार कोमल रानी के साथ मंदिर जाने पर बन रही बातों का जवाब देते हुए गोविंदा ने अपने करियर के सुनहरे दौर को याद किया। उन्होंने बताया कि अपनी फिल्मों की सफलता के लिए को-स्टार्स के साथ मंदिर जाना उनके लिए हमेशा से लकी रहा है।

गोविंदा ने पुराने दिनों का जिक्र करते हुए कहा, "यह मेरे लिए हमेशा से गुड लक रहा है। इससे पहले मैं करिश्मा कपूर के साथ मंदिर दर्शन करने गया था, तो उसके बाद हमारी आधा दर्जन फिल्में सुपरहिट हुई थीं। इसके बाद मैं रवीना टंडन के साथ अलग-अलग मंदिरों में दर्शन करने गया, तब भी हमारी आधा दर्जन फिल्में हिट साबित हुईं। अब बहुत लंबे गैप के बाद मैंने फिर से काम की शुरुआत की है और इस बार मैं कोमल रानी स्वर्णकार के साथ प्रार्थना करने गया हूं। इसमें गलत क्या है?"

'रूपा' से कमबैक की तैयारी, फैंस जता रहे भरोसा

गोविंदा ने साफ किया कि लंबे अंतराल के बाद उन्होंने दोबारा फिल्मों में काम करना शुरू किया है और 'रूपा' उनके लिए एक बेहद खास प्रोजेक्ट है। वे बप्पा का आशीर्वाद लेकर अपने नए सफर की शुरुआत करना चाहते थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि काम शुरू होने से पहले ही इतनी चर्चा होना दिखाता है कि लोग आज भी उनके हर कदम पर नजर बनाए हुए हैं।

Updated on:
25 Sept 2026 07:50 am
Published on:
25 Sept 2026 07:27 am