
Vishal Chaturvedi On Neem Karoli heavy crowds: नीम करोली बाबा के दिव्य जीवन और अलौकिक विरासत पर बनी बायोपिक ड्रामा फिल्म 'हनुमान अंश' (Hanuman Ansh) ने रिलीज होते ही पूरे देश में एक नया इतिहास रच दिया है। सोशल मीडिया पर सामने आए कई वायरल वीडियो में यह दावा किया जा रहा है कि सिनेमाघरों में फिल्म देखने के बाद हजारों श्रद्धालु सीधे नीम करोली बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंच रहे हैं। ऐसे में नैनीताल-अलमोड़ा हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। अब इसी को लेकर फिल्म डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने वीडियो शेयर किया है।
सोशल मीडिया पर कैंची धाम के मंदिर परिसर में लगी भक्तों की लंबी कतारों और भीड़ के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं जिसके बाद हनुमान अंश के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो मैसेज शेयर किया, जिसमें उन्होंने कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं से एक भावुक अपील की है।
डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने इंस्टाग्राम पर कहा, "कैंची धाम में इस वक्त बहुत ज्यादा भीड़ हो गई है। कई लोगों का कहना है कि वह 'हनुमान अंश' फिल्म देखने के बाद बाबा के दर्शन करने सीधे वहां पहुंचे हैं। अगर ऐसा है, तो यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है, लेकिन मेरी आप सभी से हाथ जोड़कर विनती है कि वहां की मौजूदा स्थिति का जायजा लेकर ही अपनी यात्रा का प्लान बनाएं।"
विशाल चतुर्वेदी ने आगे कहा, "कैंची धाम में अगर घंटों लंबी कतारें हैं, तो आप बाबा नीम करोली के गांव या फिर वृंदावन स्थित आश्रम के दर्शन भी कर सकते हैं। भारी जाम और भीड़ के कारण घर के छोटे बच्चों और महिलाओं को घुटन और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जो चिंताजनक है।"
बता दें, 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) की सरकारी छुट्टी के बाद शनिवार और रविवार आने से देश भर के पर्यटकों को तीन दिनों का लंबा वीकेंड मिल गया था। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से हजारों गाड़ियों के अचानक देवभूमि उत्तराखंड रुख करने से मसूरी-देहरादून रोड और नैनीताल-अलमोड़ा मार्ग पर गाड़ियों की किलोमीटर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। 'हनुमान अंश' फिल्म ने बाबा नीम करोली की महिमा को जिस संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारा है, उसने जन-जन के मन में आस्था की एक नई अलख जगा दी है, जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण आज कैंची धाम की पावन धरा पर दिखाई दे रहा है।