
Sharad Kapoor friend Hema Chaudhary: अभिनेता शरद कपूर और उनके चार कुत्तों से जुड़े मामले में छिड़ा विवाद अब और गहराता जा रहा है। एक ओर जहां एनिमल वेलफेयर एक्टिविस्ट हेमा चौधरी पर एरक्टर का इस्तेमाल करने और पब्लिसिटी करने का आरोप लग रहे हैं, वहीं अब उनके समर्थन में उनकी करीबी दोस्त आंचल चड्ढा सामने आई हैं। मड आइलैंड स्थित 'बेजुबान' शेल्टर से शेयर किए गए एक वीडियो में आंचल ने हेमा पर लग रहे 'स्कैमर' और इस्तेमाल करने वाली बातों को खारिज करते हुए शेल्टर में लगी आग और जानवरों की सुरक्षा को लेकर अपनी बात रखी है।
आंचल चड्डा का जो वीडियो सामने आया है वह हेमा चौधरी के इंस्टाग्राम पेज 'ऑफिशियल बेजुबान ट्रस्ट' पर शेयर किया गया है। जिसमें मड आइलैंड के बेजुबान शेल्टर से बात करते हुए आंचल ने बताया कि वह वहां की रेसिडेंट और फीडर हैं, करीब 600 से अधिक कुत्तों की देखभाल और फीडिंग से जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि बीते दिन शेल्टर में आग लग गई थी, लेकिन यह किसने लगाई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। आंचल के मुताबिक, रात में हेमा का फोन आने के बाद उन्होंने तुरंत आठ-दस लड़कों को भेजा और शेल्टर स्टाफ के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश की।
आंचल ने वीडियो में आग के असर और स्थिति का जिक्र करते हुए शेल्टर का वह हिस्सा भी दिखाया, जहां आग फैली थी और जहां देर तक धुआं निकलता रहा। उन्होंने कहा कि शेल्टर के नीचे के हिस्से में करीब 40 से 50 डॉग्स और ऊपर 100 से अधिक डॉग्स रहते हैं। आंचल ने चिंता जताई कि यदि आग और फैल जाती या बढ़ जाती, तो बेजुबान जानवरों के लिए बेहद गंभीर स्थिति पैदा हो सकती थी, और बड़ी मुश्किल से हालात पर काबू पाया गया।
सोशल मीडिया पर हेमा चौधरी को ट्रोल किए जाने और 'स्कैमर' कहे जाने पर आंचल चड्ढा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर हेमा ने कौन-सा स्कैम किया है, जब उन्होंने एक इंसान की मदद की और चार कुत्तों को रेस्क्यू कर उनका इलाज, खानपान और सुरक्षित देखभाल सुनिश्चित की। आंचल ने आरोप लगाया कि कुछ लोग केवल कंटेंट के चक्कर में इस मामले को तूल दे रहे हैं।
आंचल ने कहा कि वह हेमा चौधरी को लगभग 25 साल से जानती हैं और उन्होंने कभी उन्हें आराम से बैठे नहीं देखा, बल्कि लगातार रेस्क्यू और देखभाल के काम में जुटे देखा है। उन्होंने साफ किया कि जो लोग असल में एनिमल वेलफेयर से जुड़े हैं, वह हेमा के साथ हैं और वह खुद भी हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी।
बता दें, हेमा चौधरी ने कुछ समय पहले अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था। उन्होंने बताया था कि जोश एक्टर शरद कपूर बेहद खराब स्थिति में हैं और उन्हें मदद की जरूरत है और इसी वजह से वह उनके 4 डॉग्स को अपने NGO में लेकर जा रही हैं, क्योंकि अभिनेता उनकी देखरेख सही से नहीं कर सकते। इस वीडियो पर बॉलीवुड से लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने कमेंट करने शुरू कर दिए। सलमान खान, शाहरुख खान और सोनू सूद ने एक्टर से बात भी की थी। अब ऐसे में हेमा चौधरी पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं।