
Ramayana-Dhuradhar Screening At IFFI 2026: भारत के प्रतिष्ठित फिल्म समारोह इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के 57वें संस्करण की शुरुआत 20 नवंबर से गोवा में हो गई है। इस साल फिल्म फेस्टिवल की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' यानी 'सीमाओं से परे कहानियां' रखी गई है। 28 नवंबर तक चलने वाले इस समारोह में दुनियाभर की फिल्मों के साथ भारतीय सिनेमा की कई चर्चित फिल्में और वेब सीरीज भी दिखाई जाएंगी।
इस बार रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म 'रामायण', आमिर खान की 'लगान' और 'धुरंधर' खास आकर्षण रहने वाली हैं। इसके अलावा 'पंचायत सीजन 5' और 'पुष्पक विमान' का प्रीमियर भी इसी फेस्टिवल में होगा।
IFFI 2026 में इस बार कुल 86 देशों की 159 अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही 76 भारतीय फिल्में भी फेस्टिवल का हिस्सा होंगी। आयोजकों के मुताबिक, इस संस्करण में 9 वर्ल्ड प्रीमियर, 2 इंटरनेशनल प्रीमियर, 24 एशिया प्रीमियर, 116 इंडिया प्रीमियर और 14 गाला प्रीमियर शामिल हैं।
फेस्टिवल की शुरुआत पावेल पावलिकोव्स्की की फिल्म 'फादरलैंड' से होगी, जबकि समापन एंथनी चेन की फिल्म 'वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स' के साथ किया जाएगा। इस तरह दर्शकों को अलग-अलग देशों और संस्कृतियों की कहानियां देखने का मौका मिलेगा।
इस बार भारतीय फिल्मों के लिए भी खास लाइनअप तैयार किया गया है। रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' को इंडियन पैनोरमा सेक्शन की ओपनिंग फिल्म के तौर पर चुना गया है। वहीं, रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर 'रामायण' फेस्टिवल के ब्रिक्स सिनेमा सेगमेंट की शुरुआत करेगी।
इसके अलावा फिल्म 'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' को इंटरनेशनल कॉम्पिटिशन और इंडियन पैनोरमा, दोनों वर्गों में जगह मिली है। आमिर खान की फिल्म 'लगान' को स्पेशल स्क्रीनिंग के तौर पर दिखाया जाएगा। इस फिल्म का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था, जो इस बार फेस्टिवल के डायरेक्टर भी हैं।
फिल्मों के साथ ओटीटी और वेब सीरीज के दर्शकों के लिए भी इस बार खास इंतजाम हैं। लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' के पांचवें सीजन का प्रीमियर IFFI 2026 में किया जाएगा। इसके अलावा 'पुष्पक विमान' नाम की वेब सीरीज भी फेस्टिवल में दिखाई जाएगी।
'पंचायत' के नए सीजन को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है। ऐसे में फिल्म फेस्टिवल में इसकी स्क्रीनिंग इस आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगी।
फेस्टिवल की थीम को लेकर शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आशुतोष गोवारिकर ने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे संघर्ष और देशों के बीच तनाव को देखते हुए इस थीम को चुना गया है।
गोवारिकर के मुताबिक, 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' का मतलब सिर्फ भौगोलिक सीमाओं से आगे बढ़ना नहीं है। कहानियां परिवारों के बीच मौजूद दूरियों, दो भाइयों के रिश्तों, जाति, धर्म और समाज से जुड़ी सीमाओं को भी दिखाती हैं। ये चुनौतियां सिर्फ भारत में नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि सिनेमा ऐसी कहानियों को सामने लाने का माध्यम है, जो लोगों को एक-दूसरे के करीब ला सकती हैं। 20 से 28 नवंबर तक चलने वाले IFFI 2026 में इसी सोच के साथ दुनियाभर की फिल्मों को एक मंच पर लाया गया है।