Janhvi Kapoor Reacts On Arjun Kapoor Online Bullying: अभिनेता अर्जुन कपूर की ट्रोलिंग को लेकर अब उनकी सौतेली बहन जान्हवी कपूर ने अपना रिएक्शन दिया है। क्या कुछ कहा है एक्ट्रेस ने, चलिए जानते हैं।
Janhvi Kapoor Reacts On Arjun Kapoor Online Bullying: बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग का सामना कर रहे हैं। बीते महीनों में उनके खिलाफ अचानक बढ़ी नकारात्मक टिप्पणियों ने फैंस को भी हैरान किया। हालांकि अर्जुन ने सीधे तौर पर इन आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन उनके सोशल मीडिया पोस्ट इशारों-इशारों में बहुत कुछ बयां करते नजर आए। अब इस पूरे मामले पर उनकी बहन और अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने खुलकर अपनी बात रखी है।
'ग्रेजिया' के साथ एक इंटरव्यू में जाह्नवी ने साफ कहा कि किसी भी तरह की ऑनलाइन बदसलूकी या उत्पीड़न को जायज नहीं ठहराया जा सकता। उनका मानना है कि आज की डिजिटल दुनिया में लोग व्यूज और लाइक्स के पीछे भागते हुए इंसानियत भूल जाते हैं। उन्होंने इशारों में कहा कि हर कोई अपने-अपने तरीके से जीवन की जिम्मेदारियां निभा रहा है, ऐसे में किसी को अनावश्यक रूप से निशाना बनाना गलत है।
जाह्नवी के मुताबिक, जब आलोचना व्यक्तिगत हमले में बदल जाए तो वो तकलीफ देती है। उन्होंने स्वीकार किया कि अपने भाई को इस तरह ट्रोल होते देखना उनके लिए भी आसान नहीं था। उन्होंने कहा आज की दुनिया में सब घर चलाने की कोशिश कर रहे हैं।
अभिनेत्री ने ये भी कहा कि सोशल मीडिया पर पहचान और लोकप्रियता पाने की होड़ ने माहौल को जहरीला बना दिया है। कई बार सेलिब्रिटीज को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया जाता है ताकि कंटेंट वायरल हो सके। उनके नाम का इस्तेमाल क्लिकबेट या सनसनीखेज हेडलाइन के तौर पर किया जाता है, जिससे एंगेजमेंट बढ़े।
जाह्नवी का मानना है कि जब आप इस नजरिए से चीजों को देखते हैं तो समझ आता है कि कई टिप्पणियां असल में व्यक्ति से ज्यादा उस डिजिटल दौड़ का हिस्सा होती हैं। ऐसे में जरूरी है कि नकारात्मकता से दूरी बनाई जाए, क्योंकि एक नकारात्मक टिप्पणी कई और नकारात्मक प्रतिक्रियाओं को जन्म देती है।
गौरतलब है कि अर्जुन कपूर ने ट्रोलिंग पर सीधे शब्दों में कुछ नहीं कहा, लेकिन इंस्टाग्राम पर साझा किए गए उनके कुछ पोस्ट को फैंस ने मौजूदा हालात से जोड़कर देखा। अर्जुन अक्सर सकारात्मकता और आत्मविश्वास से जुड़े संदेश साझा करते रहे हैं, जिसे उनके समर्थकों ने मजबूती का संकेत बताया।
काम की बात करें तो जाह्नवी कपूर हाल ही में फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' में नजर आई थीं। अब वो अपनी अगली फिल्म 'पेड्डी' को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उनके साथ साउथ सुपरस्टार राम चरण मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे।
इस फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना कर रहे हैं और निर्माण वेंकट सतीश किलारू के बैनर तले हो रहा है। फिल्म में शिव राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा, बोमन ईरानी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली है।