बॉलीवुड

Kalli Kheti Review: ये हॉरर-कॉमेडी फिल्म थोड़ी हटकर है, जैकी श्रॉफ साबित हुए ‘तुरुप का इक्का’

Kalli Kheti Movie Review: शरद केलकर, नेहा सरगम और जैकी श्रॉफ की फिल्म 'काली खेती' सिनेमाघरों में 20 नवंबर को रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म देखने से पहले जरूर पढ़े इसका रिव्यू।
3 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 11:00 AM IST
Kalli Kheti Movie Review
'काली खेती' फिल्म का पोस्टर

Kalli Kheti Movie Review: हॉरर फिल्म देखने बैठें और आपको बार-बार ये सोचने पर मजबूर होना पड़े कि आखिर पर्दे पर हो क्या रहा है, तो समझिए फिल्म अपना काम कर रही है। 'काली खेती' के साथ कुछ ऐसा ही होता है। फिल्म का नाम जितना अलग है, इसकी कहानी भी उतनी ही दिलचस्प है। खेती जैसे सामान्य विषय को हॉरर के साथ जोड़ना एक नया आइडिया है और निर्देशक हारिस इम्तियाज खान ने इसे पर्दे पर उतारने की अच्छी कोशिश की है। ये फिल्म उन लोगों के लिए खास हो सकती है, जो बॉलीवुड की टिपिकल हॉरर फिल्मों से कुछ अलग देखना चाहते हैं।

कैसी है फिल्म की कहानी?

फिल्म में रोहित (शरद केलकर) अपनी पत्नी राधा (नेहा सरगम) और बेटे राजू (स्पंदन) के साथ गांव में रहता है। वह अपने पिता किशन (जैकी श्रॉफ) को गांव बुलाता है। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन किशन को जल्द ही कुछ अजीब महसूस होने लगता है। रोहित बार-बार नई खेती की बात करता है और उसकी इन बातों के पीछे छिपा रहस्य कहानी को आगे बढ़ाता है।

फिल्म की कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा यही है कि यह दर्शकों को हर बात का जवाब तुरंत नहीं देती। कई बार आप खुद कहानी के अलग-अलग पहलुओं को जोड़ने की कोशिश करते हैं। गांव का माहौल और किरदारों का व्यवहार सस्पेंस को बनाए रखते हैं। हालांकि, फिल्म के कुछ हिस्सों में रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ती है, लेकिन कहानी का अनोखापन इसे दिलचस्प बनाए रखता है।

जैकी श्रॉफ की एक्टिंग ने बढ़ाया फिल्म का मजा

जैकी श्रॉफ इस फिल्म के सबसे बड़े प्लस पॉइंट हैं। उनके किरदार में कई तरह के इमोशन्स देखने को मिलते हैं। वो कभी कमजोर और संवेदनशील नजर आते हैं, तो कभी अपने अंदाज से पूरी स्क्रीन पर छा जाते हैं। उनकी परफॉर्मेंस में एक सहजता है, जो किरदार को और प्रभावशाली बनाती है।

शरद केलकर भी अपने रोल में काफी अच्छे लगते हैं। उन्होंने किरदार को जरूरत से ज्यादा नाटकीय बनाने के बजाय शांत और कंट्रोल्ड रखा है। नेहा सरगम ने भी अच्छा काम किया है और राधा के किरदार को जरूरी गहराई दी है। शाजी चौधरी और वीरेंद्र सक्सेना अपनी भूमिकाओं में ठीक हैं, जबकि स्पंदन ने भी सहज अभिनय से प्रभावित किया है।

हारिस इम्तियाज खान ने किया निर्देशन

फिल्म के निर्देशक हारिस इम्तियाज खान की सबसे बड़ी खासियत उनका अलग विषय चुनना है। महज 25 साल की उम्र में अपनी पहली फिल्म का निर्देशन करना और साथ ही स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स लिखना आसान नहीं है। लेकिन हारिस ने जिस तरह इस कहानी को पर्दे पर पेश किया है, वो तारीफ के काबिल है।

उनका विजन फिल्म में साफ नजर आता है। वह हॉरर को सिर्फ डरावने सीन्स तक सीमित नहीं रखते, बल्कि कहानी के पूरे माहौल को डर का हिस्सा बनाते हैं। यह एक ऐसा डेब्यू है, जो हारिस को भविष्य के लिए एक दिलचस्प फिल्ममेकर बनाता है।

फिल्म का मजबूत पक्ष

फिल्म की सिनेमैटोग्राफी काफी प्रभावशाली है। गांव के विजुअल्स कहानी के माहौल को बेहतर बनाते हैं। बैकग्राउंड म्यूजिक और साउंड डिजाइन कई सीन्स में डर का असर बढ़ाते हैं। वीएफएक्स का काम भी बजट को देखते हुए अच्छा है। खास तौर पर डीओपी और बीजीएम टीम का काम सराहनीय है।

हालांकि, एडिटिंग थोड़ी और बेहतर हो सकती थी। कुछ सीन्स लंबे लगते हैं और उन्हें छोटा किया जाता तो फिल्म का फ्लो ज्यादा अच्छा रहता। इसके बावजूद तकनीकी पक्ष फिल्म को मजबूत बनाता है।

फाइनल वर्डिक्ट

काली खेती' में कुछ कमियां जरूर हैं, लेकिन इसकी सबसे बड़ी जीत इसका अलग कॉन्सेप्ट है। जैकी श्रॉफ की शानदार परफॉर्मेंस, शरद केलकर का अच्छा अभिनय और हारिस इम्तियाज खान का कॉन्फिडेंट डेब्यू फिल्म को देखने लायक बनाते हैं। यह कोई आम हॉरर फिल्म नहीं है, बल्कि एक ऐसा प्रयोग है जो दर्शकों को कुछ नया देने की कोशिश करता है।अगर आप हॉरर के शौकीन हैं और इस बार कुछ अलग एक्सपीरियंस करना चाहते हैं, तो 'काली खेती' को सिनेमाघरों में जरूर देख सकते हैं।

Published on: