
बॉलीवुड की दिलकश अदाकारा आलिया भट्ट और कैटरीना कैफ को अच्छा दोस्त माना जाता है। दोनों की दोस्ती काफी पुरानी है। मगर कुछ दिनों से कैटरीना कैफ के एक्स ब्वॉयफ्रेंड रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट की नजदीकियों की खबरें सामने आने लगी थी। तब से दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई हैं। इसके बाद से इन बेस्टफ्रेंड की जोड़ी में दरार पडने की खबरें भी आने लगी, लेकिन लगता है कि अब इन दोनों दोस्तों के बीच सबकुछ ठीक हो गया है या फिर कभी कोई दिक्कत थी ही नहीं और बस अफवाहों का पुलिंदा था जिसे कैटरीना ने अब हटाने की कोशिश की है। दरअसल सभी अफ वाहों को खारिज कर कैटरीना ने फिल्म 'राजी' की सक्सेस पर आलिया को बधाई दी है।
इंस्टाग्राम पर दी बधाई
कैटरीना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एक फोटो पोस्ट कर आलिया को बधाई दी। फोटो में फिल्म 'राजी' का एक पोस्टर है। इस पर कैटरीना ने लिखा, 'बधाई हो आलिया, आप ये डिजर्व करती हैं।' कैटरीना की इस इंस्टाग्राम स्टोरी से साफ तौर पर जाहिर हो रहा है कि वो अपनी दोस्त आलिया की सफलता से कितना खुश हैं।
100 करोड़ क्लब शामिल हुई फिल्म
हाल ही में आलिया भट्ट की फि ल्म 'राजी' ने बॉक्स ऑफिस पर बंपर सक्सेस हासिल की है और यह फिल्म महज 17 दिन की रिलीज के बाद ही 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है। इस फिल्म के 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने के साथ ही आलिया की तीन फिल्में 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो गईं। आलिया भट्ट की इस फिल्म की सफलता का सेहरा उनके और डायरेक्टर मेघना गुलजार के सिर बंध रहा है। इस फिल्म में पहली बार आलिया किसी बड़े स्टार के साथ काम नहीं कर रही थी और फिल्म में उनका किरदार अहम था जिसे उन्होंने पूरे दिल और मेहनत से निभाया। इस किरदार में आलिया की इतनी तारीफ हो रही है कि लगता है कि कैटरीना से भी नहीं रहा गया और उन्होंने आलिया को इंस्टाग्राम पर इमोजी के साथ बधाई दी है।
दूसरे प्रोजेक्ट्स में व्यस्त आलिया
'राजी' की सफलता के बाद आलिया इन दिनों अपने कॅरियर के बेहतरीन मुकाम पर हैं। हाल में आलिया ने अपनी अगली फिल्म रणवीर सिंह के साथ आने वाली फिल्म 'गली बॉय' की शूटिंग पूरी कर ली है। अब वह वरुण धवन के साथ आने वाली फिल्म 'कलंक' की शूटिंग में बिजी है। इसके अलावा वह जल्द ही रणबीर कपूर के साथ 'ब्रह्मास्त्र' में भी शूटिंग के दूसरे शेड्यूल के लिए निकलने वाली हैं। उधर, कैटरीना इन दिनों शाहरुख खान के साथ 'जीरो', और आमिर खान के साथ 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' कर रही हैं। इसके अलावा वो सलमान खान के साथ फिल्म 'भारत' में भी दिखाई दे सकती हैं।