फिल्म 'महावतार नरसिम्हा' ने रिलीज होते ही दर्शकों के दिल में वो एहसास जिंदा कर दिया था जो शायद इस भागदौड़ वाली जिंदगी में कहीं खो गया था, लेकिन इस फिल्म को देख लोग इससे काफी जुड़ गए थे। अब इसी लिस्ट में 'महावतार परशुराम' के साथ यह सफर एक अलग ही स्तर पर जाने वाला है। इसका पहला पोस्टर आउट कर दिया गया है।
Mahavatar Parshuram First Poster Out: इंडस्ट्री में पिछले कुछ समय से पौराणिक कथाओं को बड़े लेवल पर पेश करने का जो सिलसिला शुरू हुआ है, वह अब एक नए और विशाल स्तर पर पहुंचने वाला है। 'केजीएफ', 'कांतारा' और 'सालार' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले होम्बले फिल्म्स ने अपने 'महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स' की दूसरी बड़ी फिल्म 'महावतार परशुराम' का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। 'महावतार नरसिम्हा' की अपार सफलता के बाद दर्शक बेसब्री से इस यूनिवर्स के अगले हिस्से का इंतजार कर रहे थे, और अब मेकर्स ने एक रोंगटे खड़े कर देने वाले पोस्टर के साथ यह इंतजार खत्म किया है। जैसे ही फैंस ने पोस्टर देखा, हर कोई एक्साइटेड हो उठा।
फिल्म का पोस्टर न केवल विजुअली शानदार है, बल्कि इसकी टैगलाइन भी काफी प्रभावशाली है- "जहां धैर्य समाप्त होता है, वहां परशुराम का फरसा शुरू होता है!" यह फिल्म भगवान विष्णु के छठे अवतार, श्री परशुराम की गाथा को बड़े पर्दे पर जिंदा करेगी। कहानी में दिखाया जाएगा कि कैसे भगवान परशुराम ने उन अहंकारी और भ्रष्ट राजाओं का अंत किया जिन्होंने धर्म का मार्ग छोड़कर निर्दोषों पर अत्याचार करना शुरू कर दिया था।
इस महागाथा का निर्देशन अश्विन कुमार कर रहे हैं, जिन्हें आज के दौर के सबसे रचनात्मक फिल्मकारों में गिना जाता है। फिल्म की घोषणा के साथ ही प्रोड्यूसर विजय किरागांदुर ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "हमारी प्राचीन कहानियां ही हमारी असली ताकत हैं। 'महावतार परशुराम' के जरिए हम आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति की शक्ति से जोड़ना चाहते हैं। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि विरासत और न्याय के उद्देश्य की कहानी है।"
इस सिनेमैटिक यूनिवर्स की पहली फिल्म 'महावतार नरसिम्हा' के दौरान देश में एक अलग ही लहर देखी गई थी। कई शहरों में दर्शकों ने सिनेमा हॉल के बाहर अपने जूते उतारे और भजन-कीर्तन करते हुए फिल्म देखी। इसने न केवल मनोरंजन की परिभाषा बदली, बल्कि भारतीय पौराणिक कहानियों के प्रति लोगों के भावनात्मक जुड़ाव को भी दिखाया था।
फिल्म को होम्बले फिल्म्स और कलीम प्रोडक्शन के बैनर तले विजय किरागांदुर और शिल्पा धवन प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म का संगीत सैम सीएस (Sam CS) दे रहे हैं, जिनसे उम्मीद है कि वह परशुराम के क्रोध और शौर्य को अपने संगीत से और भी प्रभावशाली बनाएंगे। यह फिल्म 'रामायण' और 'कल्कि 2898 AD' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स की कतार में शामिल हो गई है, जो भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाएंगे। फिलहाल फिल्म के पोस्टर ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा रखा है और फैंस इसकी रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।