Mandana Karimi Lashes Out On Indian Media: ईरान मूल की एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने हाल ही में भारत में रहने को लेकर एक विवादित बयान दिया है, जिसके बाद वो हर तरफ चर्चाओं का हिस्सा बन गई हैं।
Mandana Karimi Lashes Out On Indian Media: पिछले कई सालों से भारत में रह रहीं ईरानी अभिनेत्री मंदाना करीमी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। एक्ट्रेस ने हाल ही में भारतीय मीडिया पर असली मुद्दे ना दिखाने का बड़ा आरोप लगाया है। इसके अलावा उन्होंने भारत छोड़ने की भी बात कही है, जिसके बाद लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए ईरानी एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने दावा किया कि वो जनवरी के महीने से कोई काम नहीं कर रही हैं। उनके पास जितने भी ब्रांड एंडोर्समेंट्स थे, वो सारे उनसे छीन लिए गए हैं। इसके अलावा मंदाना ने ये भी कहा है कि उन्होंने कई बार भारतीय मीडिया को अप्रोच किया है और ईरान में चल रहे असली मुद्दों को दिखाने के लिए आग्रह किया है लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लगी है।
इतना ही नहीं, मंदाना ने तो एक हिंदी चैनल का जिक्र करते हुए ये तक कह दिया कि वो चैनल पूरी तरह से एक तरफा स्टोरी ही कवर करता है। मंदाना का कहना था कि उनके साइड की भी स्टोरी है लेकिन वो कभी भी दिखाई नहीं जाती।
इंटरव्यू में मंदाना ने कहा कि भारत ने उन्हें बहुत कुछ दिया- काम, पहचान और दोस्त लेकिन अब उन्हें लगता है कि वो यहां अपनी बात खुलकर नहीं रख पा रहीं। उनका कहना है कि बीते कुछ महीनों में उन्होंने खुद को पहले से ज्यादा अकेला महसूस किया है।
मंदाना जब भारत आई थीं, तब वह काफी युवा थीं। मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री ने धीरे-धीरे हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बनाई। उन्होंने 'भाग जोनी', 'मैं और चार्ल्स' और 'क्या कूल हैं हम 3' जैसी फिल्मों में काम किया।