
Manoj Bajpayee Childhood: आजकल ज्यादातर सेलेब्रिटीज अपने प्रोजेक्ट्स को प्रमोट करने के लिए इंटरव्यूज के बजाय लंबे पॉडकास्ट को तवज्जो देने लगे हैं। बीते कुछ दिनों में, कई एक्टर्स ने अपने बचपन के किस्सों, करियर के संघर्षों, पारिवारिक रिश्तों और अपनी करियर जर्नी के बारे में खुलकर बात की है। हालांकि, दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी, जो इन दिनों नेटफ्लिक्स पर अपनी लेटेस्ट रिलीज 'गजब रात' का प्रमोशन कर रहे हैं का कहना है कि वह अब पॉडकास्ट से तंग आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब वह अपने अतीत और बचपन की कहानियों को बार-बार दोहराना नहीं चाहते।
मुंबई में हाल ही में हुए 'इंडियन फिल्म प्रोजेक्ट फेस्टिवल' में, मनोज बाजपेयी ने पॉडकास्ट को लेकर अपनी नापसंदगी के बारे में बात करते हुए कहा, "मैं अब पॉडकास्ट नहीं करता। मैं अपने बचपन के बारे में बात करके थक चुका हूं। हालत तो यह है कि मुझे अपने बचपन से ही नफरत होने लगी है, आखिर मैं किसी गांव में क्यों पैदा हुआ? मुझे इतना लंबा सफर क्यों तय करना पड़ा?"
फैमिली मैन एक्टर ने आगे कहा कि भले ही आज हर कोई उनके शुरूआती संघर्ष को प्रेरणादायक मानता है, लेकिन उस समय उनके लिए इन हालातों से गुजरना बहुत मुश्किल था। उन्होंने कहा, "आप लोगों को लग सकता है कि मैं कोई ज्ञान बांट रहा हूं, लेकिन मेरा ऐसा कोई इरादा कभी नहीं था। काश मैं भी दिल्ली में पैदा हुआ होता, ताकि मुझे वहां से बस मुंबई तक का ही सफर तय करना पड़ता। गांव में पैदा होने की वजह से, मुंबई पहुंचने के लिए हमें एक बस से दूसरी बस में भटकना पड़ता था। भला ऐसा कौन चाहेगा? लोग इसे प्रेरणादायक सफर कहते हैं, लेकिन जब आप खुद इससे गुजर रहे होते हैं, तो यह किसी बुरे सपने से कम नहीं होता। और बिना पैसों के, बस पांच दिन ऐसे जीकर देखिए, जिंदगी जीने का सारा रोमांच खत्म हो जाएगा।"
बता दें कि मनोज बाजपेयी बिहार के एक छोटे से गांव में, एक किसान परिवार में पले-बढ़े। किशोरावस्था के दौरान उन्हें अपने परिवार में कई आर्थिक संघर्षों का सामना करना पड़ा।
हाल ही में मनोज बाजपेयी अपनी नेटफ्लिक्स फिल्म 'गजब रात' को लेकर एक विवाद में फंस गए थे। फिल्म के शुरुआती टाइटल 'घूसखोर पंडित' पर कुछ समूहों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद ऑनलाइन उनके परिवार को निशाना बनाया गया। बाद में मेकर्स ने फिल्म का नाम बदलकर 'गजब रात' कर दिया।
लोगों द्वारा मनोज के परिवार की तस्वीरें पोस्ट करके धमकी भरे मैसेज भेजने के बारे में बात करते हुए, उन्होंने पीटीआई (PTI) से कहा, "आप मुझ पर चाहे जितने बुरे हमले करें, मैं उन्हें सह लूंगा क्योंकि मैं एक एक्टर हूं। मैंने रिजेक्शन से लेकर सफलता तक का लंबा सफर तय किया है, जहां मुझे न जाने क्या-क्या सुनना पड़ा है। इसलिए अब मुझे इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता। मुझे बस उन लोगों के लिए बुरा लगता है जो या तो बहुत अज्ञानी हैं या जिन्हें जीवन की बहुत कम समझ है। लेकिन मुझे सबसे ज्यादा बुरा तब लगा और बहुत ठेस पहुंची, जब उन्होंने मेरे परिवार की तस्वीरें पब्लिश करना और उनके बारे में तरह-तरह की बातें कहना शुरू कर दिया।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं जिंदगी में बहुत सहज रहने वाला इंसान हूं, मुझे हमेशा खुश रहना और मजे करना पसंद है। लेकिन जब बात मेरे अपनों को बचाने की आती है, तो मैं पूरी मजबूती से मुकाबला करने के लिए तैयार रहता हूं। हालांकि, मैं मुकाबला करूं भी तो किससे? क्योंकि सामने ऐसे लोग हैं जिनकी कोई पहचान ही नहीं है।"
रितेश शाह द्वारा निर्देशित 'गजब रात' में नुसरत भरुचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, दिव्या दत्ता, कीकू शारदा और श्रद्धा दास भी अहम भूमिकाओं में हैं।