
Manoj Bajpayee on Sunil Thapa Death News: नेपाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सुनील थापा के निधन की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री को गहरे शोक में डुबो दिया है। 300 से ज्यादा फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले सुनील थापा ने न सिर्फ नेपाली सिनेमा बल्कि बॉलीवुड और वेब सीरीज की दुनिया में भी अपनी खास जगह बनाई थी। काठमांडू में दिल का दौरा पड़ने से उनके निधन की खबर सामने आते ही भारत और नेपाल, दोनों देशों के कलाकारों और प्रशंसकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सुनील थापा के निधन पर अभिनेता मनोज बाजपेयी भावुक नजर आए। दोनों ने वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन सीजन 3’ में साथ काम किया था। मनोज ने सोशल मीडिया के जरिए अपना दुख साझा करते हुए लिखा कि सुनील थापा के साथ बिताए पल हमेशा उनके दिल में जिंदा रहेंगे। वो हमेशा याद आएंगे।
सुनील थापा का नाम नेपाली सिनेमा के सबसे सम्मानित कलाकारों में गिना जाता है। उन्होंने अपने करियर में हर तरह के किरदार निभाए- चाहे वो सामाजिक मुद्दों पर बनी फिल्में हों या फिर मजबूत सहायक भूमिकाएं। अभिनय में उनकी गंभीरता और डायलॉग्स बोलना उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती थी। हिंदी दर्शकों ने उन्हें प्रियंका चोपड़ा स्टारर फिल्म ‘मैरी कॉम’ में कोच नरजीत सिंह के किरदार में खासतौर पर सराहा।
वेब सीरीज की दुनिया में भी सुनील थापा ने अपनी छाप छोड़ी। ‘द फैमिली मैन सीजन 3’ में उन्होंने नगालैंड से जुड़े एक प्रभावशाली नेता की भूमिका निभाई थी। भले ही यह भूमिका सीमित थी, लेकिन उनकी मौजूदगी ने कहानी को गहराई दी और दर्शकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ा।
अगर उनके करियर की शुरुआत की बात करें तो सुनील थापा ने अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले मॉडलिंग से शुरुआत की थी। 70 के दशक में वह मुंबई आए और धीरे-धीरे फिल्मों में मौके मिलने लगे। 1981 में आई हिंदी फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ से उन्होंने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। इसके बाद ‘आज की आवाज’, ‘मानव हत्या’ और ‘अलबेला’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अहम भूमिकाएं निभाईं।
उनके निधन को लेकर काठमांडू के एक निजी अस्पताल से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार अभी बाकी है, लेकिन माना जा रहा है कि दिल का दौरा ही उनकी मौत की वजह बना।