
Mukesh Khanna On Mumbai CJP Protest: मुंबई में CJP के विरोध प्रदर्शन और उसमें उठ रहे राजनीतिक मुद्दों को लेकर बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता मुकेश खन्ना (Mukesh Khanna) ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर हमेशा खुलकर अपनी राय रखने वाले मुकेश खन्ना ने इस आंदोलन की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सीधे तौर पर विपक्ष और असामाजिक तत्वों पर आरोप लगाया है कि देश के युवाओं और छात्रों को ढाल बनाकर राजनीतिक रोटियां सेकी जा रही हैं।
मुकेश खन्ना ने IANS संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मुबंई में हुए CJP प्रदर्शन को लेकर और Gen Z पर बेबाक बयान दिया। साथ ही अभिनेता ने इसे ड्रामा बताया और इसे राजनीतिक एजेंडा बताया।
मुकेश खन्ना ने कहा, "लोग छात्रों के पीछे खड़े होकर बंदूकें चला रहे हैं। पूरी विपक्षी पार्टी का बस एक ही मकसद रह गया है कि किसी भी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पद से हटा दिया जाए। मेरा मतलब है, देश में अगर कहीं पेपर लीक जैसी घटनाएं होती भी हैं, तो उसका पीएम मोदी से क्या सीधा लेना-देना है? यह पूरी तरह से बेतुका और राजनीति से प्रेरित लगता है।"
मुकेश खन्ना यहीं नहीं रुके, उन्होंने आंदोलन में शामिल लोगों और भाषा के गिरते स्तर पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रदर्शन के नाम पर युवाओं को भड़काया जा रहा है और उनसे भद्दी गालियां बुलवाई जा रही हैं।
मुकेश खन्ना ने आगे कहा, "यह देखकर अपने आप में साफ समझ आता है कि इस पूरे ड्रामे को बाकायदा फंड किया गया है, इसकी स्क्रिप्ट तैयार की गई है और लोगों से सुनियोजित तरीके से गालियां बुलवाई जा रही हैं। यह हमारे देश की समझदार 'Gen Z' (नई पीढ़ी) नहीं हो सकती; यह सिर्फ तोड़-फोड़ और अराजकता फैलाने की कोशिश है। इसे हमारे युवाओं का नाम देकर माहौल खराब करने की नाकाम साजिश रची गई है।"
बता दें, मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन को लेकर पहले ही कई सेलिब्रिटीज के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है। जहां एक तरफ प्रकाश राज, विशाल ददलानी जैसे कलाकार CJP आंदोलन और चुनावी सुधारों की मांग का समर्थन कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मुकेश खन्ना जैसे दिग्गज अभिनेताओं ने इसे 'फंडेड टूलकिट' और देश का माहौल बिगाड़ने की साजिश करार दिया है। मुकेश खन्ना के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर समर्थन और विरोध का दौर शुरू हो गया है।