बॉलीवुड

कपिल शर्मा के घर गणपति पूजा में पहुंचीं सिंगर अफसाना खान, मुस्लिम होने पर ट्रोलर्स ने साधा निशाना

Afsana Khan trolled: अफसाना खान हाल ही में कॉमेडियन कपिल शर्मा और मीका सिंह के घर गणेश चतुर्थी उत्सव में शामिल हुईं। जिसका वीडियो आते ही सोशल मीडिया पर लोग दो पक्षों में बंट गए। एक ने उनके धर्म पर सवाल उठाए तो किसी ने उनका सपोर्ट किया।
3 min read
Sep 15, 2026
Muslim Afsana Khan trolled after Ganesh Chaturthi Celebration
अफसाना खान को गणेश चतुर्थी पर लोगों का किया ट्रोल (Photo Source- Instagram/itsafsanakhan)

Afsana Khan trolled after Ganesh Chaturthi Celebration: पंजाब की जानी-मानी सिंगर और 'बिग बॉस 15' की एक्स कंटेस्टेंट रहीं अफसाना खान (Afsana Khan) एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई हैं। हाल ही में गणेश चतुर्थी पर अफसाना अपने पति साज (साजन शर्मा) के साथ कॉमेडियन कपिल शर्मा और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ के घर आयोजित गणपति उत्सव में शामिल हुईं। उन्होंने इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला। उनका यही वीडियो उनके लिए मुसीबत बन गया है। लोगों ने उन्हें मुस्लिम धर्म से ताल्लुक रखने के बावजूद हिंदू त्योहार मनाने पर ट्रोल किया। वहीं कई लोगों ने उनका बचाव भी किया।

अफसाना खान पहुंचीं कपिल शर्मा के घर

अफसाना खान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट शेयर किया। जिसमें वह और उनके पति कपिल शर्मा और उनकी पत्नी के साथ बप्पा की मूर्ति के आगे बैठे हैं। एक अन्य तस्वीर में यह जोड़ी कपिल शर्मा और गिन्नी चतरथ के साथ मुस्कुराते हुए पोज देती दिख रही हैं।

अफसाना खान ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "कपिल पाजी और गिन्नी भाभी के घर" गणेश चतुर्थी मनाना एक अद्भुत अनुभव था और यह दिन ढेर सारे प्यार, खुशी और मस्ती से भरा रहा। इसके अलावा उन्होंने सिंगर मीका सिंह ("मीका पाजी") के घर जाकर भी गणपति बप्पा के दर्शन करने पर अपनी अपार खुशी जाहिर की।

अफसाना खान को लेकर इंटरनेट पर छिड़ी बहस

जैसे ही अफसाना ने ये तस्वीरें पोस्ट कीं, कमेंट सेक्शन में विवाद छिड़ गया। कुछ यूजर्स ने उनकी धार्मिक पहचान को लेकर उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा, "तुम्हें शर्म आनी चाहिए, पहले पाप करती हो फिर प्रार्थना।" वहीं एक अन्य ट्रोलर ने लिखा, "बब्बू मान ने सच ही गाया था, कुछ लोग प्रसिद्धि पाने के लिए अपना धर्म तक भूल जाते हैं।"

नफरत भरे इन कमेंट्स के बीच बड़ी संख्या में फैंस अफसाना के समर्थन में भी उतर आए। एक समर्थक ने लिखा, "दोस्तों, उन्हें बेमतलब ट्रोल करना बंद करो। हर इंसान को अपनी पसंद से त्योहार मनाने का हक है। सिद्धू मूसेवाला के नाम पर ही सही, आपस में नफरत फैलाना बंद करो।" वहीं कई लोगों ने उन्हें बधाई दी और हैप्पी गणेश चतुर्थी कहा।

अफसाना खान को लोगों ने किया ट्रोल
अफसाना खान को लोगों ने किया ट्रोल

महादेव के रुद्राभिषेक पर भी हुई थीं ट्रोल

यह पहला मौका नहीं है जब अफसाना खान को हिंदू रीति-रिवाजों में शामिल होने के लिए कट्टरपंथियों का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले अगस्त 2026 में सावन के महीने में अफसाना ने अपने पति साज के साथ शिवलिंग पर रुद्राभिषेक करते हुए तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए थे। तब उन्होंने लिखा था, "मेरी ताकत मेरा महादेव है।" उस वक्त भी उन्हें "अस्तगफिरुल्लाह, यह हराम है" और "अपना नाम बदल लो" जैसी तीखी और अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था।

वॉयस ऑफ पंजाब से बिग बॉस 15 तक का शानदार सफर

काम की बात करें तो अफसाना खान पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की फेमस सिगर में गिनी जाती हैं। उन्होंने साल 2012 में 'वॉयस ऑफ पंजाब सीजन 3' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद 'राइजिंग स्टार' के मंच पर अपनी आवाज का जादू बिखेरने वाली अफसाना को असली पहचान 'धक्का', 'जानी वे जानी' और 2020 के सुपरहिट चार्टबस्टर गाने 'तितलियां वर्गा' (Titliaan Warga) से मिली। साल 2021 में उन्होंने 'बिग बॉस 15' में हिस्सा लिया, जहां अपने बेबाक और बिंदास अंदाज से वह सीजन की सबसे चर्चित प्रतियोगी बनी थीं।

Updated on:
15 Sept 2026 02:34 pm
Published on:
15 Sept 2026 02:28 pm