
Rajpal Yadav Cheque Bounce Case
Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव एक बार फिर कानूनी मामले को लेकर चर्चा में हैं। चेक बाउंस से जुड़े एक मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को रकम जमा करने के लिए आखिरी मौका दिया है। अदालत ने उन्हें दो सप्ताह के भीतर कम से कम 2 करोड़ रुपये सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री में जमा करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी।
यह मामला एक निजी शिकायत से जुड़ा हुआ है, जिसमें राजपाल यादव पर करीब 5 करोड़ रुपये की देनदारी का आरोप है। ये रकम मुरली प्रोडक्शंस के मालिक से जुड़े विवाद में बताई जा रही है। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने अभिनेता के पिछले रवैये को लेकर नाराजगी भी जताई।
भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि पिछला आचरण भरोसा पैदा करने वाला नहीं रहा है। राजपाल यादव की ओर से पेश वकील ने अदालत को भरोसा दिलाया कि अभिनेता दो सप्ताह की तय अवधि में कम से कम 2 करोड़ रुपये जमा कर देंगे। इसके साथ ही बाकी रकम के लिए जमानत की व्यवस्था करने की बात भी कही गई।
सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने राजपाल यादव के पुराने रवैये का जिक्र करते हुए कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यवहार को देखते हुए किसी को उन पर भरोसा कैसे हो सकता है। इसी दौरान CJI ने अभिनेता के पेशे का जिक्र करते हुए कहा कि वह बॉलीवुड में ड्रामा और एक्टिंग करने में माहिर हैं और अदालत में भी वही कर रहे हैं।
अदालत की ये टिप्पणी सुनवाई के दौरान चर्चा का विषय बन गई। हालांकि, अदालत ने राजपाल यादव को एक और अवसर देते हुए रकम जमा करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को फिलहाल गिरफ्तारी से मिली सुरक्षा को भी आगे बढ़ा दिया है। यह राहत अगली सुनवाई यानी 5 अक्टूबर तक जारी रहेगी। हालांकि, अदालत ने इसके साथ एक अहम निर्देश भी दिया है।
अभिनेता को अपना पासपोर्ट सरेंडर करने का आदेश दिया गया है। यानी अदालत ने उन्हें अंतरिम राहत तो दी है, लेकिन मामले की अगली सुनवाई तक कुछ शर्तों का पालन करना होगा।
राजपाल यादव हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय कॉमेडी कलाकारों में शामिल हैं। उन्होंने फिल्मों में छोटे और सहायक किरदारों से शुरुआत कर अपनी अलग पहचान बनाई। 'प्यार तूने क्या किया', 'हंगामा', 'फिर हेरा फेरी', 'भूल भुलैया', 'ढोल' और 'चुप चुप के' जैसी फिल्मों में उनके कॉमिक किरदार दर्शकों के बीच काफी पसंद किए गए। अपनी खास संवाद अदायगी और कॉमेडी टाइमिंग के कारण उन्होंने बॉलीवुड में अलग जगह बनाई है। अब चेक बाउंस से जुड़े इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई पर सभी की नजरें रहेंगी।
Updated on:
15 Sept 2026 04:18 pm
Published on:
15 Sept 2026 04:18 pm
