
Nafisa Ali Sodhi 11000 Feet Amid Cancer Battle: बॉलीवुड की वरिष्ठ अभिनेत्री नफीसा अली सोढी एक बार फिर अपनी जिंदादिली और मजबूत हौसले को लेकर सुर्खियों में हैं। 69 साल की उम्र में स्टेज-4 कैंसर से जूझते हुए भी उन्होंने हिमाचल प्रदेश के रोहतांग पास के पास लगभग 11,000 फीट की ऊंचाई तक ट्रेकिंग कर सभी को हैरान कर दिया। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
नफीसा अली लंबे समय से पेरिटोनियल और ओवेरियन कैंसर के फिर से आने के बाद से संघर्ष कर रही हैं। कई सर्जरी और कीमोथेरेपी से गुजरने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने जीवन के प्रति पॉजिटिव नजरिया बनाए रखा। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी इस यात्रा की तस्वीरें और वीडियो साझा किए, जो तेजी से वायरल हो गए।
नफीसा अली ने बताया कि ये ट्रेक उनके लिए सिर्फ एक सफर नहीं, बल्कि एक इमोशनल और मानसिक पुनर्जन्म जैसा अनुभव था। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि अपने परिवार और दोस्तों के साथ 11,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंचना उनके लिए बेहद खास पल था। इस दौरान उनके साथ उनकी बेटी के ससुर और पोते ने भी उनका पूरा साथ दिया और कठिन रास्तों पर उन्हें सहारा दिया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे परिवार के सदस्य उन्हें चट्टानी और कठिन रास्तों पर सहारा देते हुए आगे बढ़ा रहे हैं। नफीसा ने बताया कि सर्जरी और लगातार चल रहे इलाज के बाद ये अनुभव उन्हें एकदम नया महसूस कराता है। उनके अनुसार, पहाड़ों की ताजी हवा, प्राकृतिक सुंदरता और अपनों का साथ उनके लिए किसी थेरेपी से कम नहीं था।
उन्होंने ये भी साझा किया कि अटल टनल पार करने के बाद उन्होंने सिस्सू में परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक का आनंद लिया, जो उनके लिए बेहद यादगार अनुभव रहा। इस पूरी यात्रा ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत और भावनात्मक रूप से हल्का महसूस कराया।
नफीसा अली की इस यात्रा ने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत लिया है। फैंस लगातार उनकी हिम्मत और सकारात्मक सोच की सराहना कर रहे हैं। कई लोगों ने कमेंट करते हुए उन्हें प्रेरणा बताया और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि नफीसा अली को पहले 2018 में स्टेज-3 पेरिटोनियल और ओवेरियन कैंसर का पता चला था, जिसके बाद 2019 में उन्हें कैंसर फ्री घोषित किया गया था। हालांकि पिछले साल बीमारी फिर लौट आई और अब वो फिर से इलाज करा रही हैं।