
Naseeruddin Shah On NEET paper leak protest: सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपने बेबाक बयान रखने वाले बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह (Naseeruddin Shah) भड़क उठे हैं। उन्होंने आखिरकार 20 जुलाई को 'चलो संसद' मार्च के दौरान हुई हिंसा और जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर सरकार पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। NEET पेपर लीक कांड के विरोध में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई और हिंसक झड़पों के वीडियो देखने के बाद नसीरुद्दीन शाह का गुस्सा फूट पड़ा है। इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने छात्रों पर बल प्रयोग करने वालों की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ये सबकुछ याद रखा जाएगा।
नसीरुद्दीन शाह ने वीडियो में अपने जज्बातों पर काबू पाते हुए बेहद तीखे लहजे में कहा, "इस वक्त मेरा दिल भी भरा हुआ है और मैं गुस्से से खौल रहा हूं यह देखकर कि हमारे बच्चों के साथ किस तरह ज़ुल्म का बर्ताव किया जा रहा है... उन गुंडों के हाथों जो मुझे अमेरिका के एजेंट्स की याद दिलाते हैं, मुंह पे नकाब लगाए हुए, हाथ में डंडा लिए हुए। कभी अपने बच्चों के बारे में भी सोचा करो और यह भी सोचो कि तुम्हारा अंजाम तुम्हें भी एक दिन जंरूर मिलेगा।"
नसीरुद्दीन शाह ने आंदोलनकारी युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए आगे कहा, "इन सब बच्चों से मैं कहना चाहता हूं कि हिम्मत न हारें। बहुत से लोगों की हमदर्दी आपके साथ है और बहुत से लोग आपके साथ खड़े हैं। मुझे हमारे मुल्क की युवा पीढ़ी से हमेशा उम्मीद रही है और अब वह उम्मीद और मजबूत हो गई है। आप अपनी लड़ाई लड़ते रहें, हम आपके साथ हैं।"
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा, जिसमें दावा किया गया कि नसीरुद्दीन शाह अपने बेटों विवान शाह और इमाद शाह के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे थे। वहीं, पड़ताल में यह दावा पूरी तरह फर्जी निकला; दरअसल वह क्लिप मुंबई के रीगल सिनेमा में आयोजित एक फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान का था।
यह विरोध प्रदर्शन अब सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में कार्यकर्ता और छात्र मुंबई में भी सड़कों पर उतर आए हैं। स्थिति को बिगड़ते देख मुंबई पुलिस ने धारा 144 के तहत कड़े कदम उठाए हैं। पुलिस ने 23 जुलाई से 6 अगस्त तक पांच या उससे ज्यादा लोगों के एक जगह जमा होने, जुलूस निकालने, लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करने और पटाखे फोड़ने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।