बॉलीवुड

जो मर्द है वो बेटा ही पैदा करेगा- जब नसीरूद्दीन शाह के दिमाग में बैठी थी यह बात, बेटी हुई तो बड़े नाखुश थे

Naseeruddin Shah First Daughter: नसीरूद्दीन शाह को अपनी ही बेटी से जलन होने लगी थी, क्योंकि उनकी पत्नी का ज्यादा वक्त बेटी की देखभाल में जाने लगा था। 21 साल की उम्र में नसीर एक पिता के रूप में अपनी जिम्मेदारी समझने में पूरी तरह नाकाम रहे थे और बेटी का जन्म पति-पत्नी के बीच बंधन मजबूत करने के बजाय रिश्ता टूटने का सबब बन गया था।
4 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 1:02 PM IST
Naseeruddin Shah Daughter Heeba
नसीरुद्दीन शाह का मानना था कि असली मर्द केवल बेटा ही पैदा करते हैं इसलिए जब उनकी पहली बेटी पैदा हुई तो उन्हें खुशी नहीं हुई थी। (फोटो सोर्स: @NewsAlgebraIND/X)

फिल्म अभिनेता नसीरूद्दीन शाह की छवि आज खुले विचारों वाले प्रगतिशील शख्स की है। वह अक्सर समाज की कुरीतियों के खिलाफ आवाज भी उठाते रहते हैं, लेकिन जवानी के दिनों में वह ऐसे नहीं थे। तब वह दक़ियानूसी ख्यालों वाले व्यक्ति थे। तब वैचारिक रूप से वह काफी पिछड़े थे। इतने कि जब उनकी पहली बेटी (हीबा) पैदा हुई तो उन्हें इसकी खुशी नहीं हुई थी, क्योंकि उन्हें लगता था कि जो असली मर्द होते हैं, उनके बेटी पैदा हो ही नहीं सकती। उनका मानना था कि असली मर्द केवल बेटा ही पैदा करते हैं। यहां तक कि उन्हें अपनी ही नन्ही बेटी से जलन होने लगी और यह पत्नी से उनकी दूरी की वजह भी बनी। उन्होंने यह बात अपनी लिखी किताब 'नसीरूद्दीन शाह: ऐंड देन वन डे' में लिखी है।

बेटी के जन्म की खबर पाते ही टूट गए थे सारे 'सपने'

तब नसीरूद्दीन शाह 21 साल के नौजवान थे और उनकी पत्नी परवीन की उम्र 35 साल थी। जिस महीने हीबा का जन्म होना था, उसी महीने नसीरूद्दीन शाह को अलीगढ़ से दिल्ली जाना पड़ा था। उनका नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) में दाखिला हो गया था। तार से उन्हें बेटी के जन्म की खबर मिली। वह दिल्ली से अलीगढ़ गए। बस स्टैंड से अस्पताल पहुंचे तो उनकी सास ने बताया- बेटी हुई है। बस स्टैंड से हॉस्पिटल तक रिक्शे का किराया आठ आने हुआ करता था। उन्होंने रिक्शेवाले को एक रुपये का नोट दिया। उसे लगा कि बेटी के जन्म की खुशी में वह आठ आने छोड़ देंगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। शाह ने पूरी बेरुखी दिखाते हुए जबरदस्ती उससे आठ आने वापस ले लिए।

बेटी के जन्म की खबर वाला तार मिलने के बाद से नसीर खुश नहीं थे। उन्होंने किताब में स्वीकार किया है कि तब यह खबर सुन कर उन्हें बड़ी निराशा हुई थी और काफी समय तक वह इस स्थिति से निकल नहीं पाए थे। उन्होंने लिखा है, 'बेटी! मेरे किशोर मन में यह बात बैठी हुई थी कि असली मर्द को बेटा ही पैदा होता है। मेरे दोस्त मेरा मजाक उड़ाएंगे। बाद में जेआर ने मेरा मज़ाक उड़ाया भी। बेटी हो गई? मैं इन सबसे कैसे निपटूंगा? मेरे मन में विश्वास था कि बेटा ही होगा। मैं मन ही मन उसे बंदूक और क्रिकेट के बारे में सिखाने का खयाली पुलाव तक पका चुका था। बेटी के जन्म ने वे सारे सपने तोड़ दिए थे।'

नन्ही बेटी से होने लगी जलन, गोद में लिया तो डर था कोई देख न ले

अस्पताल में परवीन (पत्नी) के कमरे में जब शाह दाखिल हुए तो देखा बेटी सोई है। उनमें बच्ची को छूने की हिम्मत नहीं थी। जब वह जगी और पहली बार बेटी की आवाज पिता के कानों में गूंजी तो नसीर के दिल में कुछ हुआ, लेकिन तब भी उन्होंने उसे गोद में नहीं उठाया। उन्होंने कभी किसी बच्चे को गोद में नहीं लिया था। बच्चे उन्हें पसंद नहीं थे। ऐसे में अपनी ही बेटी को गोद में उठाना उनके लिए बड़ी चुनौती साबित हो रहा था। और तो और, जब उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी अब बच्ची की देखभाल की वजह से उन पर ध्यान नहीं दे रही है तो उन्हें अपनी ही बेटी से ईर्ष्या भी होने लगी थी। हीबा को अस्पताल से घर लाते हुए रिक्शा में नसीर ने उसे गोद में लिया, पर उस वक्त भी उन्हें यह डर सता रहा था कि कहीं कोई परिचित देख न ले। किसी ने देखा नहीं तो नसीर को घर पहुंचने के बाद एक तरह से राहत का एहसास हो रहा था।

पत्नी से बढ़ने लगी दूरी

हीबा के जन्म की वजह से नसीर की परवीन से दूरियां बढ़ती गईं। परवीन का ज्यादा वक्त बेटी की देखभाल में बीतता था। इस वजह से नसीर का अलीगढ़ जाना भी कम होने लगा। पहले सप्ताह में जाते थे तो अब महीने में जाने लग गए और लंबे वक्त पर जाने के बावजूद कम वक्त के लिए रुका करते थे। इस बीच वह एक्टिंग में भी व्यस्त रहने लगे। पत्नी से दूरी बढ़ रही थी और बेटी से उनका कोई भावनात्मक रिश्ता नहीं बन पा रहा था। जब वह अलीगढ़ जाते तो हीबा उन्हें एक अजनबी की तरह देखती थी। वह उनके पास भी नहीं आती थी। दोनों एक-दूसरे के साथ असहज महसूस किया करते थे।

परवीन से नसीर की मुलाक़ात अलीगढ़ की यूनिवर्सिटी में हुई थी। तब वह एमबीबीएस फ़ाइनल ईयर में पढ़ रही थीं। उनकी मां वहां पढ़ाती थीं। परवीन पहले करांची (पाकिस्तान) में पिता के साथ रहती थीं, लेकिन बाद में मां के साथ रहने लगी थीं। उनके माता-पिता बहुत पहले अलग हो चुके थे। परवीन भारत में रहने के लिए एक एक बाद दूसरे कोर्स में दाखिला लेते रहती थीं। इसी क्रम में उन्होंने मां के साथ रहते हुए अलीगढ़ विश्वविद्यालय में एमबीबीएस में दाखिला लिया था। एक दिन नसीर 'तस्वीर महल' सिनेमाघर के बाहर पोस्टर निहार रहे थे। तभी परवीन पर उनकी नजर पड़ी थी और पहली ही नजर में वह उन्हें अपना दिल दे बैठे थे। वह उनसे मेलजोल बढ़ाना चाहते थे, लेकिन उन दिनों अलीगढ़ जैसे शहर में सीधे जाकर किसी लड़की से बात करना आसान नहीं था। एक दिन 'द चेयर्स' (नाटक) के अभ्यास के दौरान उन्हें मौका मिला और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। जल्द ही दोनों में दोस्ती हो गई। दोस्ती प्यार में बदली और जल्द ही दोनों की शादी भी हो गई। शादी के कुछ ही समय बाद दोनों माता-पिता भी बन गए। लेकिन, यहां से ज़िंदगी अलग मोड़ लेने लगी और अंत में दोनों के रास्ते अलग हो गए।

Updated on:
12 Nov 2026, 1:02 PM IST
Published on:
Also Read
View All