
Nora Fatehi-Sukesh Chandrashekhar Case: बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही शुक्रवार यानी 6 नवंबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश होने वाली हैं। अभिनेत्री को सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की कथित वसूली के मामले में गवाह के तौर पर बुलाया गया है। इस मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा (EOW) कर रही है। नोरा की ओर से उनके प्रवक्ता ने भी कोर्ट में पेश होने की पुष्टि की है।
ई-टाइम्स से बातचीत में नोरा फतेही के प्रवक्ता ने बताया कि अभिनेत्री 6 नवंबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश होंगी। वह सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले की सुनवाई में गवाह के तौर पर शामिल होंगी। इस दौरान उनसे मामले से संबंधित जरूरी जानकारी ली जा सकती है, जिससे जांच और कानूनी कार्यवाही में मदद मिल सके।
दरअसल, इससे पहले भी इस मामले में नोरा फतेही को कोर्ट में पेश होने के लिए समन जारी किया गया था, लेकिन वह निर्धारित तारीख पर अदालत नहीं पहुंची थीं। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी गैरमौजूदगी के बाद कोर्ट ने नए सिरे से समन जारी किया था।
पिछली सुनवाई के दौरान नोरा के वकील ने उनकी व्यक्तिगत पेशी से छूट देने की मांग की थी। इसके लिए अदालत में आवेदन भी दाखिल किया गया था। अभिनेत्री के वकील की दलील थी कि उन्हें समन बहुत कम समय पहले मिला था और पहले से तय पेशेवर प्रतिबद्धताओं के चलते वह अदालत में उपस्थित नहीं हो सकीं।
हालांकि, कोर्ट ने उनकी इस मांग को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि नोरा को गवाह के तौर पर बुलाया गया है, इसलिए उनका व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना जरूरी है। रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट ने उनकी गैरमौजूदगी पर नाराजगी भी जाहिर की थी। साथ ही उनके वकील को भी इस मामले में फटकार लगाई थी।
पिछली सुनवाई के बाद नोरा फतेही की कानूनी टीम ने उनकी अनुपस्थिति को लेकर सफाई दी थी। मंगलवार को जारी किए गए बयान में बताया गया कि सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े आर्थिक अपराध शाखा के मामले की सुनवाई राउज एवेन्यू कोर्ट में हुई थी। इस दौरान नोरा को गवाह के तौर पर पेश होने के लिए बुलाया गया था।
बयान में कहा गया कि अभिनेत्री के वकील अदालत में उपस्थित हुए थे और उन्होंने बताया था कि नोरा को समन बहुत कम समय पहले मिला था। पहले से तय पेशेवर कामों के कारण उनके लिए उस दिन अदालत पहुंचना संभव नहीं था। इसके बाद व्यक्तिगत पेशी से छूट देने के लिए आवेदन किया गया, जिस पर अदालत ने मामले की अगली तारीख 6 नवंबर तय करते हुए नए समन जारी किए थे।
नोरा फतेही की कानूनी टीम ने अपने बयान में एक बात साफ की थी कि अभिनेत्री इस मामले में न तो आरोपी हैं और न ही उन पर किसी तरह का अपराध करने का आरोप लगाया गया है। उन्हें केवल गवाह के रूप में अदालत में बुलाया गया है, ताकि वह मामले से जुड़ी जानकारी देकर न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग कर सकें।
अब 6 नवंबर को होने वाली पेशी में नोरा अपना बयान दर्ज करा सकती हैं। अदालत में उनकी ओर से दी जाने वाली जानकारी इस मामले की कार्यवाही के लिहाज से अहम हो सकती है। हालांकि, फिलहाल इस पूरे मामले में उनकी भूमिका गवाह तक ही सीमित है।