
PM Modi 76 Birthday: 17 सितंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) का 76वां जन्मदिन पूरे भारत में एक बड़े उत्सव और 'सेवा संकल्प दिवस' के रूप में मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर देश-दुनिया के नेताओं के साथ-साथ बॉलीवुड जगत की तमाम बड़ी हस्तियों, अभिनेताओं और सांसदों ने पीएम मोदी को शुभकामनाएं दी हैं। अक्षय कुमार , कंगना रनौत, अनुपम खेर और स्मृति ईरानी जैसी प्रमुख हस्तियों ने सोशल मीडिया पर अपने-अपने अंदाज में पीएम मोदी के स्वास्थ्य, लंबी उम्र और राष्ट्रसेवा के लिए खास मैसेज शेयर किए हैं।
अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर संस्कृत श्लोक के साथ पीएम मोदी को बधाई दी। कंगना ने लिखा, "देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई और अनंत शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति प्रदान करे। उनके नेतृत्व में विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प निरंतर सशक्त होता रहे। आइए 'आशीर्वाद का दीया' जलाकर हमारे प्रधानमंत्री जी के लिए अपनी शुभकामनाएं और स्नेह अर्पित करें।"
सुपरस्टार अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने पीएम मोदी के जन्मदिन को समाज सेवा से जोड़ने की पहल की सराहना की। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, "आज हमारे प्रधानमंत्री जी का जन्मदिन है और इस दिन को सेवा संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। मुझे लगता है जन्मदिन मनाने का इससे खूबसूरत कोई और तरीका नहीं हो सकता। हम किसी और के काम आएं, किसी जरूरतमंद की मदद करें, किसी के चेहरे पर मुस्कान लाएं… बस इतना सा संकल्प ले लें। जन्मदिन मुबारक हो नरेंद्र मोदी जी। जय भारत!"
दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर (Anupam Kher) ने पीएम मोदी को "भारत के माननीय एवं अत्यंत प्रिय प्रधानमंत्री" बताते हुए उनके लंबे और आनंदमय जीवन की कामना की। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा, "जनता के ऐसे प्रधानमंत्री को, जिनका हर एक पल मां भारती और देशवासियों की सेवा में समर्पित है, जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं! एक पूरी पीढ़ी को यह याद दिलाने के लिए आपका धन्यवाद कि 'राष्ट्र सर्वोपरि' (Nation First) का वास्तविक अर्थ क्या होता है।"
IANS से खास बातचीत करते हुए अनूप जलोटा ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने विदेश यात्रा करने वाले भारतीयों को सम्मान और पहचान दिलाने का श्रेय भी पीएम मोदी को दिया। उन्होंने कहा, “हमारे आदरणीय और प्रिय मोदी जी को उनके 76वें जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि आप 100 साल तक जीवित रहें, और उन 100 सालों की उलटी गिनती आज से शुरू हो। अतीत को भूल जाइए।”
IANS से बात करते हुए उपासना सिंह ने भी इतिहास रचने और भारत के लिए "इतने सारे अच्छे काम" करने के लिए इस महान नेता की जमकर प्रशंसा की और उनके दीर्घायु और भारतीयों की निरंतर सेवा की कामना की। उपासना सिंह ने कहा, “मैं उनकी बहुत बड़ी प्रशंसक हूं और मैं ईश्वर की आभारी हूं कि उनका जन्म भारत में हुआ और उन्होंने इतिहास रचा है। उन्होंने बहुत सारे अच्छे काम किए हैं।”