
PM Narendra Modi Mentions Kuch Kuch Hota Hai: भारतीय सिनेमा की लोकप्रियता सिर्फ देश तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के कई देशों में बॉलीवुड फिल्मों और उनके गीतों का अलग ही क्रेज देखने को मिलता है। इसका ताजा उदाहरण तब देखने को मिला जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में अपने संबोधन के दौरान करण जौहर की सुपरहिट फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का जिक्र किया।
प्रधानमंत्री के इस बयान ने न सिर्फ वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा, बल्कि फिल्म के निर्देशक करण जौहर भी भावुक हो गए और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और इंडोनेशिया के सांस्कृतिक संबंधों की चर्चा करते हुए कहा कि इंडोनेशिया में भारतीय फिल्मों और गीतों को काफी पसंद किया जाता है। इसी दौरान उन्होंने फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के मशहूर टाइटल का जिक्र करते हुए कहा कि जब भारत और इंडोनेशिया साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो सिर्फ 'कुछ कुछ' नहीं बल्कि 'बहुत कुछ' होता है। प्रधानमंत्री की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोगों ने भी तालियां बजाईं।
पीएम मोदी के इस बयान के बाद निर्देशक करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रधानमंत्री के भाषण का वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा कि ये उनके लिए बेहद सम्मान और गर्व की बात है कि देश के प्रधानमंत्री ने जकार्ता में उनकी फिल्म का जिक्र किया। करण ने कहा कि प्यार और सिनेमा की भाषा सीमाओं से परे होती है और उन्हें खुशी है कि ‘कुछ कुछ होता है’ आज भी दुनिया भर के लोगों के दिलों में जिंदा है।
करण जौहर ने अपने मैसेज में प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए लिखा कि इस आर्टिकल ने फिल्म के गीत और उसकी यादों को हमेशा के लिए अमर बना दिया है। उन्होंने कहा कि ये उनके पूरे फिल्मी सफर के सबसे यादगार पलों में से एक है।
गौरतलब है कि ‘कुछ कुछ होता है’ करण जौहर के निर्देशन में बनी पहली फिल्म थी। साल 1998 में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी और इसे आज भी बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय रोमांटिक फिल्मों में गिना जाता है। फिल्म में शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी की तिकड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। सलमान खान ने भी इसमें अहम भूमिका निभाई थी, जबकि सना सईद ने अंजलि के बचपन का किरदार निभाकर खास पहचान बनाई थी।