
Prakash Raj Ramayana Controversial Statement: दक्षिण भारतीय फिल्मों के जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज इन दिनों एक नए विवाद को लेकर चर्चा में हैं। रामायण से जुड़ी कथित टिप्पणियों के कारण उनके खिलाफ शिकायत दर्ज होने का सिलसिला तेज हो गया है। अब अभिनेत्री कराटे कल्याणी ने भी अभिनेता के खिलाफ पुलिस में औपचारिक शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जिससे यह मामला और ज्यादा गंभीर होता नजर आ रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कराटे कल्याणी ने हैदराबाद के पंजागुट्टा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि प्रकाश राज ने भगवान श्रीराम और रामायण जैसे धार्मिक ग्रंथों से जुड़े विषयों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। उनका कहना है कि इस तरह के बयान करोड़ों लोगों की आस्था को प्रभावित कर सकते हैं और समाज में अनावश्यक तनाव पैदा कर सकते हैं।
अभिनेत्री ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि धार्मिक विषयों से जुड़े मुद्दों पर सार्वजनिक मंचों से दिए गए बयान बेहद संवेदनशील होते हैं। ऐसे में किसी भी तरह की टिप्पणी करते समय जिम्मेदारी का ध्यान रखना जरूरी होता है। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए और आगे की जांच शुरू की जाए।
इतना ही नहीं आंध्र प्रदेश के बीजेपी नेता भानू प्रकाश ने भी हिंदू भावनाएं आहत करने के आरोप में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि ये विवाद उस कार्यक्रम से जुड़ा है, जिसमें अभिनेता ने केरल में आयोजित एक साहित्यिक आयोजन के दौरान रामायण के किरदारों से संबंधित एक प्रस्तुति का जिक्र किया था। उसी कार्यक्रम के कुछ वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद कई लोगों ने उन पर आपत्ति जताई। धीरे-धीरे यह मामला सोशल मीडिया से निकलकर कानूनी दायरे तक पहुंच गया।