
Priyanka Chopra Ramayana: इंटरनेशनल एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने एक ऐसी इंस्टाग्राम रील को कथित तौर पर लाइक किया है, जिसमें रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण' को बॉक्स ऑफिस पर 'फ्लॉप' होने वाली फिल्म बताया गया है। कॉपीराइटर और स्क्रीनराइटर विवशवान चौधरी द्वारा शेयर की गई इस वीडियो में फिल्म की बॉक्स ऑफिस संभावनाओं और इसके बड़े ग्लोबल कलेक्शन लक्ष्यों पर सवाल उठाए गए हैं।
इस रील में फिल्म के बजट को लेकर पारदर्शिता की कमी पर भी चिंता जताई गई है। इसमें 'प्राइम फोकस' (Prime Focus) के निवेश, इसके बढ़ते शेयर भाव और हाल ही में हुए इनकम टैक्स छापों पर चर्चा की गई है, हालांकि यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन घटनाओं के बीच कोई सीधा संबंध होने का दावा नहीं किया जा रहा है।
विवशवान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रियंका के इस कथित 'लाइक' का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने लिखा, "जब भी मुझे सत्ता के सामने सच बोलने के लिए बहुत नफरत झेलनी पड़ी है, तब इंडस्ट्री की किसी प्रभावशाली हस्ती ने हमेशा मेरा समर्थन किया है। इस बार यह समर्थन मेरी पसंदीदा अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की ओर से आया है।"
हालांकि, शुरुआत में प्रियंका का 'लाइक' लोगों की नजर में आया था, लेकिन ऐसा लगता है कि बाद में उन्होंने इसे हटा दिया है। शायद उन्होंने ऐसा इसलिए किया होगा कि वह किसी विवाद में नहीं फंसना चाहती होंगी। हालांकि, प्रियंका की तरह से अभी तक इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की गई है।
दिलचस्प बात यह है कि प्रियंका और रणबीर ने 'अंजाना अंजानी' (2010) और 'बर्फी!' (2012) जैसी दो फिल्मों में एक साथ काम किया है। फिलहाल, अभिनेत्री ने न तो कोई बयान जारी किया है और न ही वीडियो पर अपने कथित 'लाइक' को लेकर कोई प्रतिक्रिया दी है।
जानकारी के लिए बता दें कि जल्दी ही प्रियंका एस.एस. राजामौली की मच अवेटेड फिल्म 'वाराणसी' में महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ नजर आएंगी। यह फिल्म 2019 के बाद भारतीय सिनेमा में उनकी वापसी होगी, और 2013 के बाद उनकी पहली तेलुगु भाषा की फिल्म होगी। 'वाराणसी' 7 अप्रैल, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।